बड़ी खबरेबिहार

11और 12–07–2026 को गया जी स्थित बिपार्ड में आयोजित होने वाले प्रबोधन कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए बिहार विधान सभा के सभी सदस्यों से अपील : अध्यक्ष

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

न्यूज डेस्क 

बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने दिनांक 11–07–2026 एवं 12–07–2026 को गया जी स्थित बिपार्ड में आयोजित होने वाले ‘प्रबोधन कार्यक्रम’ में सम्मिलित होने के लिए बिहार विधान सभा के सभी माननीय सदस्यों से अपील की।

उन्होंने कहा कि बिहार विधान सभा सचिवालय, प्राईड ( लोक सभा ) एवं बिपार्ड ( बिहार सरकार ) के संयुक्त तत्वावधान में बिपार्ड, गया जी कैंपस में यह ‘प्रबोधन कार्यक्रम’ आयोजित किया जा रहा है। भारत के माननीय उपराष्ट्रपति श्री सी० पी० राधाकृष्णन कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे । बिहार के माननीय राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल श्री सय्यद अता हसनैन ( सेवानिवृत ), माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, उत्तर प्रदेश विधान सभा के माननीय अध्यक्ष श्री सतीश महाना, बिहार विधान परिषद् के माननीय सभापति श्री अवधेश नारायण सिंह सहित बिहार के उप मुख्यमंत्रीगण, मंत्रीगण एवं अन्य महानुभाव भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

माननीय अध्यक्ष ने कहा कि कार्यक्रम से जुड़ी सारी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। प्रबोधन कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों में माननीय सदस्यों को विधायी कार्यों के विविध पहलुओं से अवगत कराया जायेगा। प्रबोधन कार्यक्रम का उद्देश्य नवनिर्वाचित माननीय सदस्यों को संसदीय परंपराओं, विधायी प्रक्रियाओं, संसदीय शिष्टाचार तथा जनहित से जुड़े विषयों की गहन जानकारी उपलब्ध कराना है। मुझे पूरा विश्वास है कि यह कार्यक्रम सदन की कार्यवाही को अधिक प्रभावी, सार्थक एवं गरिमामय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनप्रतिनिधि के रूप में विधायकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में प्रबोधन कार्यक्रम के माध्यम से प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव न केवल सदन में उनकी प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करेगा, बल्कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप बेहतर जनसेवा करने में भी सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने सभी माननीय सदस्यों से आग्रह किया कि वे निर्धारित समय पर प्रबोधन कार्यक्रम में उपस्थित होकर इसका अधिकतम लाभ उठाएँ तथा बिहार विधान सभा की गौरवशाली परंपरा को और अधिक सुदृढ़ बनाने में अपना सक्रिय योगदान दें।