दहेज हत्या के आरोप में जाले के बीडीओ गिरफ्तार प्रेमिका महिला दारोगा भी जांच के घेरे में
अभिनव कुमार
.
दरभंगा / जाले प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मनोज कुमार को उनकी पत्नी अमृता कुमारी की कथित दहेज हत्या के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले ने प्रशासनिक महकमे में भी हलचल मचा दी है। पुलिस अब हत्या के कारणों, दहेज उत्पीड़न और कथित अवैध संबंधों सहित सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी के अनुसार, मृतका के भाई राजकुमार की शिकायत पर मिठनपुरा थाने में मनोज कुमार, उनके माता-पिता, भाई और बहन के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि शादी के बाद से अमृता को 10 लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों का दावा है कि बीते शुक्रवार की रात मिठनपुरा स्थित आवास पर अमृता को जहरीला पदार्थ खिलाकर उसकी हत्या कर दी गई। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि घटना के बाद बीडीओ का मोबाइल फोन बंद था। उन्होंने खुद को घटना के समय पटना में प्रशिक्षण पर होने की बात कही, लेकिन प्रारंभिक जांच में यह दावा सही नहीं पाया गया। पुलिस को आशंका है कि घटना के बाद सबूत मिटाने का प्रयास किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने मनोज कुमार के दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। अब उनकी फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी, जिसमें कॉल डिटेल, चैट और सोशल मीडिया गतिविधियों की पड़ताल होगी। पुलिस को उम्मीद है कि इससे मामले से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।
पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मनोज कुमार की कथित प्रेमिका, जो बेगूसराय में तैनात एक महिला दारोगा है, उसे भी हिरासत में लिया है। उससे मिठनपुरा थाने में पूछताछ जारी है। पुलिस फिलहाल उसकी संभावित भूमिका की जांच कर रही है।

