ब्राउन शुगर के साथ 3 युवक गिरफ्तार
न्यूज डेस्क
मधुबनी / लदनियां थाना क्षेत्र के योगिया गांव में पुलिस ने नशे के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाते हुए ब्राउन शुगर सेवन के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव में कुछ लोग झोपड़ी में बैठकर ब्राउन शुगर का सेवन कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी की मौजूदगी में छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दीपक यादव (नेपाल), गुलशन कुमार और राहुल कुमार को हिरासत में लिया। तलाशी के क्रम में उनके पास से मोबाइल फोन, डिजिटल तराजू, लाइटर तथा ब्राउन शुगर जैसा संदिग्ध पदार्थ बरामद किया गया।
पूछताछ में गिरफ्तार युवकों ने पुलिस को बताया कि उन्हें योगिया गांव निवासी विद्यानंद यादव एवं सत्यनारायण यादव द्वारा ब्राउन शुगर उपलब्ध कराई जाती थी। इसके आधार पर दोनों को मामले में नामजद आरोपी बनाया गया है।
लदनियां थाना में कांड संख्या 190/26 दिनांक 16 मई 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20/21 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक को सौंपी गई है और पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।

