बिहार

एक दिवसीय जॉब कैंप का सफलतापूर्वक आयोजन

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

 सौरव कुमार की रिपोर्ट

लखीसराय / नियोजनालय में एक दिवसीय जॉब कैंप का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस जॉब कैंप का उद्देश्य जिले के शिक्षित एवं बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना था। कैंप में आमधनी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों को रोजगार का अवसर प्रदान किया गया। जॉब कैंप में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभ्यर्थियों ने अपने बायोडाटा एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ कंपनी प्रतिनिधियों के समक्ष साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया में हिस्सा लिया।

इस अवसर पर कुल 36 अभ्यर्थियों के बायोडाटा प्राप्त हुए, जिनकी योग्यता एवं अनुभव के आधार पर कंपनी द्वारा मूल्यांकन किया गया। चयन प्रक्रिया के उपरांत 13 अभ्यर्थियों का औपबंधिक (प्रोविजनल) रूप से चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी द्वारा आगे की नियुक्ति प्रक्रिया एवं प्रशिक्षण संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। लखीसराय जिला नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि इस प्रकार के जॉब कैंप युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने तथा निजी क्षेत्र से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे जिला नियोजनालय द्वारा आयोजित रोजगारोन्मुखी कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं।