बिहार

मुख्यमंत्री ने आई०सी०सी० टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य, शानदार बल्लेबाज, बिहार के लाल श्री ईशान किशन को 1 करोड़ रूपये का चेक एवं अंगवस्त्र प्रदान ।। राज्य निवेश प्रोत्साहन बोर्ड की 67वीं बैठक में लिया गया निर्णय।।

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

न्यूज डेस्क 

पटना/ मुख्यमंत्री  सम्राट चौधरी ने आज मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आई०सी०सी० पुरुष टी-20 विश्व कप-2026 में विजेता भारतीय टीम में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बिहार को गौरवान्वित करने वाले श्री ईशान किशन को 1 करोड़ रूपये का चेक, प्रतीक चिह्न एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने श्री ईशान किशन को बधाई देते हुये कहा कि आई०सी०सी० पुरुष टी-20 विश्व कप-2026 की भारत की जीत में बिहार के क्रिकेटर श्री ईशान किशन ने अपनी महत्वूपर्ण भूमिका निभाई। मेरी शुभकामना है कि वे भविष्य में भारतीय क्रिकेट टीम के लिये नया कीर्तिमान रचें और देश का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि आप बिहार के बच्चों के लिए प्रेरणा हैं, हम आपके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ० बी० राजेन्दर, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी डॉ० गोपाल सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री संजय कुमार सिंह, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक श्री रविन्द्रण शंकरण सहित अन्य वरीय अधिकारी, क्रिकेट खिलाड़ी श्री ईशान किशन के पारिवारिक सदस्य उपस्थित थे।

 

2.राज्य निवेश प्रोत्साहन बोर्ड की 67वीं बैठक में लिया गया निर्णय

पटना/ बिहार में औद्योगिक विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में बड़े निवेश प्रस्ताव लगातार राज्य की बदलती औद्योगिक तस्वीर को मजबूत कर रहे हैं। मुजफ्फरपुर के महवल औद्योगिक क्षेत्र में ₹573.15 करोड़ की लागत से 2.5M MTPA क्षमता वाली डालमिया भारत ग्रीन विजन लिमिटेड को इकाई लगाने के लिए स्टेज 1 क्लीयरेंस प्रदान की गयी। इसके अलावा किशनगंज में ₹573.76 करोड़ के निवेश से 2.5M MTPA क्षमता की डालमिया सीमेंट (नॉर्थ ईस्ट) लि0 को स्टेज 1 क्लीयरेंस प्रदान की गई।
उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों को बेहतर सुविधाएँ, त्वरित स्वीकृति एवं पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जिससे बिहार देश के प्रमुख औद्योगिक गंतव्यों में तेजी से उभर रहा है।

उद्योग विभाग के सचिव सह बियाडा एवं आइडा के प्रबंध निदेशक श्री कुंदन कुमार ने कहा कि निवेशकों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण का परिणाम है कि देश के प्रमुख औद्योगिक समूह अब बिहार को अपने विस्तार के लिए एक मजबूत गंतव्य के रूप में देख रहे हैं। SIPB की 67वीं बैठक में डालमिया समूह की दो बड़ी सीमेंट परियोजनाओं को मिली स्टेज 1 क्लीयरेंस की स्वीकृति इसी विश्वास का प्रतीक है। किशनगंज और मुजफ्फरपुर में प्रस्तावित ये परियोजनाएँ न केवल औद्योगिक उत्पादन क्षमता बढ़ाएंगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास और आर्थिक गतिविधियों को भी व्यापक गति प्रदान करेंगी।

इनके साथ अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों में अंबुजा, केएनएसजी एल्मुनियम प्राइवेट लिमिटेड, एस राजदेव बिल्ड्ज एलएलपी, आइकॉन स्पाइरल इलेक्ट्रोनिक्स प्राइवेट लिमिटेड, सीता एग्रो फूड प्रोडक्ट व एसएपीएल इंडस्ट्रीज़ प्राइवेट लिमिटेड सहित अन्य निवेश प्रस्ताव शामिल रहे।
बैठक में ₹2484.06 करोड़ की कुल 16 परियोजनाओं को स्टेज-1 क्लीयरेंस प्रदान किया गया, जबकि ₹46.86 करोड़ की 04 परियोजनाओं को वित्तीय स्वीकृति दी गई। इन परियोजनाओं के माध्यम से राज्य में औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन एवं क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। बैठक के दौरान निवेश स्वीकृति प्रक्रियाओं को और अधिक सरल, पारदर्शी व त्वरित बनाने पर विशेष बल दिया गया।