गांधी मैदान में सम्राट चौधरी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार समारोह के दौरान एक ऐसा दृश्य देखने को मिला
राजकुमार यादव
पटना /गांधी मैदान में गुरुवार को सम्राट चौधरी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार समारोह के दौरान एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने बिहार की राजनीति की पुरानी तस्वीरें फिर से जीवंत कर दीं। मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत कई दिग्गज नेता मौजूद थे।
इसी दौरान पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी समारोह में पहुंचे। जैसे ही वे मंच के करीब आए, प्रधानमंत्री मोदी की नजर उन पर पड़ी और उन्होंने इशारे से उन्हें पास बुलाया।
दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से हाथ मिलाया और कुछ क्षणों तक बातचीत भी की। इस दौरान माहौल बेहद आत्मीय और सहज नजर आया।हाथ मिलाने के बाद नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री मोदी के कंधे पर हाथ रखा और हल्के से उसे हिलाया। यह दृश्य देखते ही गांधी मैदान में मौजूद लोगों की नजरें उसी ओर टिक गईं।
दोनों नेताओं के बीच यह सहजता कई राजनीतिक संदेश भी देती दिखी। नीतीश कुमार कुछ समय के लिए भावुक भी नजर आए।इस मुलाकात को वहां मौजूद लोगों ने काफी ध्यान से देखा और कई लोगों ने इसे पुराने राजनीतिक संबंधों की वापसी के रूप में भी देखा।इस मुलाकात को केवल औपचारिक शिष्टाचार नहीं माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह एनडीए के भीतर मजबूत समन्वय का संकेत है।
सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बनी नई सरकार के बीच यह दृश्य एकता और स्थिरता का संदेश देने की कोशिश माना जा रहा है।मोदी और नीतीश की यह केमिस्ट्री लंबे समय से बिहार की राजनीति का अहम हिस्सा रही है।बिहार की राजनीति में मोदी और नीतीश की जोड़ी ने कई बार सत्ता और रणनीति को दिशा दी है।
समय-समय पर दोनों नेताओं के रिश्तों में उतार-चढ़ाव जरूर आए, लेकिन मंच पर दिखी यह सहज मुलाकात पुराने संबंधों की गर्माहट को फिर से सामने ले आई।गांधी मैदान का यह दृश्य राजनीतिक संदेश के साथ-साथ भावनात्मक जुड़ाव का भी प्रतीक माना जा रहा है।

