बिहारशिक्षा

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 के सफल और निष्पक्ष आयोजन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 के सफल और निष्पक्ष आयोजन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यह परीक्षा राज्यभर के 1,762 परीक्षा केंद्रों पर 2 फरवरी से 13 फरवरी 2026 तक दो पालियों में आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में कुल 13,17,846 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिनमें 6,75,844 छात्राएं और 6,42,002 छात्र हैं।

पटना जिले में 84 परीक्षा केंद्र, 73 हजार से अधिक परीक्षार्थी

पटना जिले में इंटर परीक्षा के लिए कुल 84 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। यहां 73,963 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, जिनमें 38,037 छात्राएं और 35,926 छात्र शामिल हैं। बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त कराने के लिए कई अहम निर्देश दिए हैं।

परीक्षा से एक घंटा पहले मिलेगा प्रवेश, गेट समय से पहले बंद

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना होगा। पहली पाली में सुबह 9:30 बजे परीक्षा है, जिसके लिए 8:30 बजे से प्रवेश शुरू होगा और 9:00 बजे मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। वहीं दूसरी पाली में 2:00 बजे परीक्षा है, इसके लिए 1:00 बजे से प्रवेश मिलेगा और 1:30 बजे गेट बंद हो जाएगा। गेट बंद होने के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा

जबरन प्रवेश पर FIR, दो साल तक परीक्षा से निष्कासन

यदि कोई परीक्षार्थी गेट बंद होने के बाद दीवार फांदकर या जबरन परीक्षा केंद्र में घुसने की कोशिश करता है, तो इसे आपराधिक अतिक्रमण माना जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित परीक्षार्थी को दो साल के लिए परीक्षा से निष्कासित किया जाएगा और प्राथमिकी भी दर्ज होगी। इसके साथ ही लापरवाही बरतने वाले केंद्राधीक्षक और कर्मियों पर भी कार्रवाई होगी।

दो स्तर पर होगी तलाशी, मोबाइल पूरी तरह प्रतिबंधित

परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले और परीक्षा कक्ष में प्रवेश के समय दो स्तर पर तलाशी (फ्रिस्किंग) अनिवार्य होगी। मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, ईयरफोन, कैलकुलेटर और किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। हर परीक्षा कक्ष में कम से कम दो वीक्षक तैनात रहेंगे।

CCTV, वीडियोग्राफर और धारा 163 लागू

कदाचार रोकने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। हर 500 परीक्षार्थियों पर एक वीडियोग्राफर की तैनाती होगी। परीक्षा केंद्र के 200 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 लागू रहेगी, ताकि अनधिकृत लोगों की भीड़ न जुट सके।

व्हाट्सएप ग्रुप और कंट्रोल रूम से होगी निगरानी

परीक्षा से जुड़ी सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के लिए बिहार बोर्ड ने व्हाट्सएप ग्रुप बनाया है। इसके अलावा 1 फरवरी से 13 फरवरी तक कंट्रोल रूम भी सक्रिय रहेगा। किसी भी समस्या की सूचना कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 0612-2232257 या 0612-2232227 पर दी जा सकती है।