बिहार

विशेष अभियान सफल, 25 अभियुक्त गिरफ्तार, 28 को वारंट एवं 03 कुर्की का हुआ निष्पादन

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

मधुबनी/पुलिस महानिदेशक  के आदेश तथा मधुबनी पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार के निर्देशन में जिलेभर में दिनांक 20 अक्टूबर 2025 को एक विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य हत्या, लूट, डकैती, बलात्कार, पुलिस पर हमला जैसे गंभीर श्रेणी के अपराधों से संबंधित मामलों में लंबित वारंटों, इश्तेहारों और कुर्कियों का निष्पादन करना एवं अपराधियों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना था।

बताते चलें कि जिलेभर में चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी सफलता प्राप्त की है। अभियान के तहत् कुल 25 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इनमें एक शराब कारोबारी, 15 वारंटी, और 9 अन्य आपराधिक मुकदमों में संलिप्त अभियुक्त शामिल हैं।पुलिस द्वारा कार्रवाई के क्रम में 28 वारंट, 01 इश्तेहार, 81 सम्मन, तथा 03 कुर्की का सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया है। यह अभियान गंभीर प्रकरणों में लंबित वारंट धारकों को पकड़ने और न्यायिक आदेशों के पालन की दिशा में एक अहम कदम साबित हुआ है। अपराध नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मधुबनी पुलिस ने यातायात अभियान भी समानांतर रूप से चलाया।

इस दौरान कुल 62 वाहनों से ₹82,000 का जुर्माना वसूला गया। इसके अतिरिक्त, जिले में हो रहे अवैध शराब कारोबार के खिलाफ की गई छापेमारी में 947.5 लीटर देशी- विदेशी शराब तथा 02 साइकिलें बरामद की गईं।पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई न्याय व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराध नियंत्रण को प्राथमिकता देने की दिशा में एक निर्णायक कदम है। उन्होंने कहा कि आगे भी इस प्रकार के अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे ताकि जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखा जा सके।