राजीव शुक्ला बने BCCI के अंतरिम अध्यक्ष, रोजर बिन्नी का कार्यकाल हुआ समाप्त
नई दिल्ली/भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) में बड़ा बदलाव सामने आया है। BCCI के मौजूदा उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला को बोर्ड का अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति रोजर बिन्नी के कार्यकाल पूरा होने और 70 वर्ष की आयु सीमा को पार करने के बाद की गई है।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर रोजर बिन्नी ने अक्टूबर 2022 में BCCI अध्यक्ष का पद संभाला था। संविधान के अनुसार, 70 वर्ष की उम्र पूरी करने के बाद कोई भी व्यक्ति बोर्ड के किसी पद पर कार्य नहीं कर सकता। इसी नियम के तहत बिन्नी 19 जुलाई 2025 को अपने पद से सेवानिवृत्त हो गए।
अब BCCI के उपाध्यक्ष रहते हुए राजीव शुक्ला को बोर्ड की अंतरिम कमान सौंपी गई है। वह नए अध्यक्ष के चुनाव तक इस पद पर बने रहेंगे। सूत्रों के अनुसार, BCCI के नए अध्यक्ष का चुनाव सितंबर 2025 में किया जाएगा।
राजनीति और खेल प्रशासन दोनों में सक्रिय भूमिका निभा चुके राजीव शुक्ला इससे पहले भी BCCI में विभिन्न पदों पर कार्य कर चुके हैं। उनके अनुभव को देखते हुए इस नियुक्ति को बोर्ड में स्थिरता बनाए रखने के नजरिए से अहम माना जा रहा है।