झंझारपुर की जनता मांग रही है हिसाब सांसद रामप्रीत मंडल दे रहे हैं सिर्फ तस्वीरें
न्यूज डेस्क
मधुबनी/झंझारपुर लोकसभा क्षेत्र में इन दिनों एक ही सवाल गूंज रहा है । आखिर हमारे सांसद ने पांच साल में किया क्या? जनता अब खुलकर सांसद रामप्रीत मंडल से हिसाब मांग रही है, लेकिन जवाब में मिल रही है सिर्फ खामोशी।
झंझारपुर की जनता ने बड़े भरोसे के साथ दो बार रामप्रीत मंडल को दिल्ली भेजा, लेकिन आज वही जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। लोगों का आरोप है कि चुनाव जीतने के बाद सांसद महोदय क्षेत्र को भूल ही गए हैं। गांव-गांव में लोग कह रहे हैं कि सांसद जी का दर्शन तक नहीं होता।
विकास के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति
जमीनी हकीकत देखें तो झंझारपुर आज भी वहीं खड़ा है जहां पांच साल पहले था। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बाढ़ की समस्या, पलायन – किसी भी मोर्चे पर कोई बड़ा काम नजर नहीं आता। विकास के नाम पर जो कुछ दिखाया जा रहा है, वह सिर्फ कागजों पर और सरकार की औपचारिक प्रतिक्रिया पूरी करने जैसा है। जनता इसे झुनझुना बता रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सांसद जी का पूरा समय दिल्ली में फोटो खिंचवाने और बड़े नेताओं की चापलूसी में बीत जाता है। जिस जनता ने वोट देकर उन्हें कुर्सी दी, उसी जनता से मिलने का उनके पास समय नहीं है।
क्षेत्र भ्रमण से दूरी, जनता परेशान
आरोप है कि सांसद रामप्रीत मंडल ने कभी गंभीरता से झंझारपुर लोकसभा क्षेत्र का भ्रमण ही नहीं किया। मधुबनी, झंझारपुर, फुलपरास, लौकहा – हर जगह लोग एक ही शिकायत कर रहे हैं कि सांसद लापता हैं। जनता दिन-रात अपनी समस्याओं से जूझ रही है और सांसद चैन की नींद सो रहे हैं।
अब सवाल उठता है कि आखिर झंझारपुर का विकास किसके भरोसे चलेगा? क्या सिर्फ बड़े नेताओं के साथ तस्वीरें खिंचवाने से क्षेत्र का विकास हो जाएगा।
आने वाले समय में जनता इसका जवाब वोट से जरूर देगी, लेकिन फिलहाल झंझारपुर की जनता खुद को अनाथ महसूस कर रही है। एक ऐसा सांसद जिसे जनता की चिंता ही नहीं, ऐसे में विकास की उम्मीद करना बेमानी है।

