नया बाजार लाली पहाड़ी की तस्वीर, जिला मुख्यालय से सटे इलाके में हादसे का खतरा
सौरव कुमार की रिपोर्ट
लखीसराय/ जिले के कई इलाके इन दिनों अंधेरे में डूबे हुए हैं। ताजा तस्वीर लखीसराय नगर परिषद के नया बाजार स्थित वार्ड नंबर 33, लाली पहाड़ी की है, जहां सड़क पर नया और पुराना दोनों बिजली के खंभे लगे हैं और लाइट भी लगी हुई है, लेकिन लाइट में खराबी के कारण वह बहुत दिनों से चालू नहीं है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस कारण उन्हें मजबूरी में अंधेरे में रहना पड़ रहा है। यह सड़क जिला मुख्यालय से काफी नजदीक है, जिस कारण यहां गाड़ियों और लोगों का आना-जाना देर रात तक लगा रहता है। अंधेरे के कारण यहां हमेशा एक्सीडेंट का खतरा बना रहता है।
बड़ी आबादी और सुरक्षा की दृष्टि से यहां पर्याप्त रूप से लाइट का होना बहुत जरूरी है, उसके बावजूद भी कई दिनों से समस्या जस की तस बनी हुई है। शाम ढलते ही पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है, जिससे महिलाओं और बच्चों को आने-जाने में परेशानी होती है। असामाजिक तत्वों का भी डर बना रहता है।
ग्रामीणों के अनुसार कुछ दिन पहले बिजली विभाग के कर्मी बिजली खंभे की लाइट की जांच करने आए थे। उस दौरान ग्रामीणों ने मौखिक रूप से बिजली कर्मी को समस्या से अवगत कराया था कि लाली और काली पहाड़ी में कई जगहों पर स्ट्रीट लाइट खराब हो चुकी है, इसके बावजूद अभी तक कोई सुधार नहीं हुआ है।

