जदयू की नई प्रदेश कमेटी घोषित कई पुराने नेताओं की छुट्टी कुछ पदाधिकारियों का हुआ डिमोशन चेतन आनंद बाहर
न्यूज डेस्क
पटना /जनता दल (यूनाइटेड) ने अपनी नई प्रदेश कमेटी का ऐलान कर दिया है, लेकिन इस सूची में विधायक चेतन आनंद का नाम नहीं है। पिछली टीम में संगठनात्मक जिम्मेदारी निभाने वाले चेतन आनंद को इस बार पूरी तरह बाहर कर दिया गया है। इसके बाद बिहार के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
राजनीतिक हलकों में सवाल उठ रहे हैं कि क्या यह फैसला हाल के दिनों में चेतन आनंद के पिता और पूर्व सांसद आनंद मोहन के बागी तेवरों से जुड़ा है? पिछले कुछ समय से आनंद मोहन कई मुद्दों पर अपनी ही सरकार और पार्टी के खिलाफ खुलकर नाराजगी जताते रहे हैं। उन्होंने सार्वजनिक मंचों से सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए और कई बार अपनी असहमति भी जाहिर की।
ऐसे में नई प्रदेश कमेटी से चेतन आनंद का नाम गायब होना राजनीतिक चर्चाओं को और हवा दे रहा है। हालांकि, जदयू की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है कि उन्हें संगठन से बाहर क्यों रखा गया।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह केवल संगठनात्मक फेरबदल भी हो सकता है, लेकिन समय और परिस्थितियों को देखते हुए कई तरह के राजनीतिक कयास लगाए जा रहे हैं। अब सभी की नजर इस बात पर होगी कि जदयू नेतृत्व या चेतन आनंद की ओर से इस मुद्दे पर कोई प्रतिक्रिया आती है या नहीं।
जदयू की नई प्रदेश कमेटी घोषित कई पुराने नेताओं की छुट्टी कुछ पदाधिकारियों का हुआ डिमोशन
.
.
जनता दल (यूनाइटेड) ने बिहार संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए अपनी नई प्रदेश कमेटी की घोषणा कर दी है। नई टीम में 12 उपाध्यक्ष, 38 महासचिव और 74 सचिव बनाए गए हैं।
संगठनात्मक फेरबदल में कई पुराने पदाधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखाया गया है, जबकि कुछ नेताओं की जिम्मेदारियां घटाकर उन्हें नए पद दिए गए हैं।
नई सूची के अनुसार, पिछली प्रदेश कमेटी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रहे कई नेताओं को इस बार जगह नहीं मिली है। वहीं, कुछ नेताओं को महासचिव से सचिव जैसे पदों पर नियुक्त किया गया है, जिसे संगठन में डिमोशन के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी ने विभिन्न सामाजिक वर्गों और क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की है।
प्रदेश कमेटी में कई नए चेहरों को भी मौका मिला है। इसके अलावा, अलग-अलग प्रकोष्ठों के लिए भी नए प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। पार्टी ने मीडिया, युवा, महिला, किसान, अल्पसंख्यक, अनुसूचित जाति, अत्यंत पिछड़ा वर्ग, चिकित्सा, शिक्षा और पंचायत राज समेत कई प्रकोष्ठों के प्रभारी घोषित किए हैं।
जदयू ने प्रदेश प्रवक्ताओं की नई टीम का भी ऐलान किया है। पार्टी का कहना है कि नई कमेटी का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस फेरबदल के जरिए जदयू ने संगठन में नए और सक्रिय चेहरों को आगे बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश की है। नई प्रदेश कमेटी से पार्टी आगामी चुनावी रणनीति को और मजबूत करने की तैयारी में जुट गई है।

