बिहार

स्व. रामविलास पासवान के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना ही सच्ची श्रद्धांजलि : सीमा सिंह

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

न्यूज डेस्क 

पटना/लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के संस्थापक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. रामविलास पासवान की जयंती सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकार के साथ मनाई गई। इस अवसर पर युवा लोजपा (रामविलास) की बिहार प्रदेश महासचिव सीमा सिंह ने पश्चिम बंगाल के हावड़ा स्थित टीयर्स एनजीओ में आयोजित सेवा कार्यक्रम में शामिल होकर स्व. पासवान को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का आयोजन लोजपा (रामविलास) पश्चिम बंगाल महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्षा एकता बगारिया के संयोजन में किया गया, जिसमें लगभग 50 अनाथ बच्चों के बीच शैक्षणिक सामग्री एवं फूड पैकेट का वितरण किया गया। यह वितरण चिराग ग्रुप ऑफ कंपनीज के सहयोग से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर युवा लोजपा (रामविलास) की प्रदेश महासचिव सीमा सिंह ने कहा कि स्व. रामविलास पासवान का संपूर्ण जीवन गरीबों, वंचितों और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों के अधिकारों के लिए समर्पित रहा। उनके बताए सेवा, सामाजिक न्याय और समर्पण के मार्ग पर चलकर ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है।

उन्होंने कहा कि अनाथ और जरूरतमंद बच्चों के बीच सेवा कार्य करना स्व. पासवान के विचारों को व्यवहार में उतारने का प्रयास है। कार्यक्रम में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्षा चंद्रप्रभा भाटिया, समाजसेवी कल्याण जाना, गौतम, पंडित बसंत शास्त्री, अरुण कुमार बगारिया, पार्टी पदाधिकारी रूपेश सहित अनेक गणमान्य अतिथि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने स्व. रामविलास पासवान के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि स्व. रामविलास पासवान के सामाजिक न्याय, सेवा और मानवीय मूल्यों के विचारों को आगे बढ़ाते हुए समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।