जयनगर में भाकपा (माले/मार्क्सवादी) की अंचल कमिटी की बैठक 10 अगस्त को ‘जेल भरो अभियान’ चलाने का लिया निर्णय।। 2. भाकपा-माले जयनगर की प्रखंड स्तरीय कार्यकर्ता बैठक संपन्न, संगठन विस्तार एवं खेग्रामस के सदस्यता अभियान चलाने व जनसंघर्ष तेज करने का आह्वान: भाकपा-माले
सुरेश कुमार गुप्ता
मधुबनी/ भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) [सीपीआई (एम)] की अंचल कमिटी, जयनगर के बैनर तले रविवार को अधिवक्ता चंदेश्वर प्रसाद के आवासीय परिसर में एक दिवसीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार, जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों तथा आगामी आंदोलनात्मक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न नीतियों पर भी वक्ताओं ने अपनी राय रखते हुए जनहित के मुद्दों पर व्यापक जनआंदोलन चलाने का आह्वान किया।कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. उपेंद्र प्रसाद यादव ने की, जबकि बैठक की रिपोर्ट अंचल मंत्री कुमार राणा प्रताप सिंह ने प्रस्तुत की। उन्होंने संगठन की वर्तमान गतिविधियों, सदस्यता अभियान तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पार्टी हमेशा आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है और भविष्य में भी जनहित के सवालों पर संघर्ष जारी रहेगा।बैठक को संबोधित करते हुए जिला मंत्री मनोज कुमार यादव ने कहा कि आम जनता की समस्याओं को लेकर पार्टी लगातार आंदोलनरत है। उन्होंने बताया कि आगामी 10 अगस्त को ‘जेल भरो अभियान’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं आम लोग भाग लेंगे। इसके पूर्व 15 जुलाई से 30 जुलाई तक जनसंपर्क एवं जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क स्थापित किया जाएगा, उनकी समस्याओं को सुना जाएगा तथा सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरुद्ध जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि जनजागरण अभियान के दौरान प्रखंड कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन भी आयोजित किया जाएगा, ताकि स्थानीय समस्याओं को प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखा जा सके। इसके अतिरिक्त 1 अगस्त को डिब्बा कलेक्शन अभियान चलाया जाएगा, जिसके माध्यम से संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूती देने एवं जनसहयोग प्राप्त करने का प्रयास किया जाएगा।बैठक में वक्ताओं ने विभिन्न जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि देश में लगातार बढ़ती महंगाई से आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। रसोई गैस, खाद्य सामग्री एवं दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे गरीब एवं मध्यम वर्ग के परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि गैस सिलेंडर की समय पर आपूर्ति नहीं होने से उपभोक्ताओं को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।बैठक में प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई। वक्ताओं का कहना था कि जिला स्तर के अधिकारी अधिकतर समय कार्यालय तक ही सीमित रहते हैं और जमीनी स्तर पर समस्याओं का निरीक्षण कम हो रहा है। उनका आरोप था कि अधिकारियों को क्षेत्र में जाकर जनता की समस्याओं का प्रत्यक्ष अवलोकन करना चाहिए, ताकि वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सके और समय पर समाधान सुनिश्चित हो सके।
बैठक में यह भी कहा गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी कर व्यवस्था के विस्तार को लेकर लोगों में चिंता है। वक्ताओं ने कहा कि सरकार को कोई भी नई व्यवस्था लागू करने से पहले आम जनता की आर्थिक स्थिति का ध्यान रखना चाहिए तथा ऐसे निर्णय लेने चाहिए जिनसे लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े।
बैठक के दौरान संगठन को पंचायत एवं बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, अधिक से अधिक युवाओं एवं महिलाओं को पार्टी से जोड़ने तथा जनहित के मुद्दों को लेकर निरंतर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया। उपस्थित नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज़ बुलंद करना पार्टी की प्राथमिकता है और भविष्य में भी किसानों, मजदूरों, गरीबों एवं वंचित वर्ग के हितों की रक्षा के लिए आंदोलन जारी रहेगा।कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने अपने-अपने विचार रखते हुए संगठन की मजबूती, जनसंपर्क अभियान की सफलता तथा आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।बैठक में पर्यवेक्षक रामजी यादव, अंचल मंत्री कुमार राणा प्रताप सिंह, जिला सचिव मंडल सदस्य शशि भूषण प्रसाद, शत्रुघ्न साह, शंकर कुमार यादव, अधिवक्ता चंदेश्वर प्रसाद यादव, मंजू देवी, प्रमिला देवी, सुकेन्द्र यादव, मोहम्मद अली हसन, रविंद्र कुमार विहारी, श्याम कुमार यादव, पवन यादव तथा सुरेश कुमार संजू सहित प्रखंड क्षेत्र के अनेक कार्यकर्ता एवं पार्टी समर्थक उपस्थित रहे।बैठक का समापन आगामी आंदोलनात्मक कार्यक्रमों को सफल बनाने के संकल्प के साथ किया गया। उपस्थित नेताओं ने कहा कि पार्टी जनता के अधिकारों, सामाजिक न्याय तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर निरंतर संघर्ष करती रहेगी और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज़ बुलंद करती रहेगी।
2. भाकपा-माले जयनगर की प्रखंड स्तरीय कार्यकर्ता बैठक संपन्न, संगठन विस्तार एवं खेग्रामस के सदस्यता अभियान चलाने व जनसंघर्ष तेज करने का आह्वान: भाकपा-माले
मधुबन/भाकपा-माले जयनगर की प्रखंड स्तरीय कार्यकर्ताओं की बैठक प्रखंड सचिव कॉ. भूषण सिंह की अध्यक्षता में जयनगर बस्ती स्थित राजकीयकृत प्राथमिक विद्यालय परिसर में संपन्न हुई। बैठक में पार्टी के मिथिलांचल प्रभारी कॉ. धीरेन्द्र झा एवं जिला सचिव कॉ. ध्रुव नारायण कर्ण मुख्य रूप से उपस्थित रहे। प्रखंड के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया तथा संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और आगामी जनसंघर्षों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक की शुरुआत ऑल इंडिया सेंट्रल काउंसिल ऑफ ट्रेड यूनियंस (AICCTU) के बिहार राज्य महासचिव स्वर्गीय कॉ. आर. एन. ठाकुर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए की गई। उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने कहा कि कॉ. ठाकुर का निधन मजदूर एवं वामपंथी आंदोलन के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने जीवनभर मजदूरों, किसानों और मेहनतकश जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उनके अधूरे संघर्षों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
बैठक को संबोधित करते हुए भाकपा-माले के केन्द्रीय पोलितब्योरो सदस्य सह मिथिलांचल प्रभारी कॉ. धीरेन्द्र झा ने कहा कि आज ग्रामीण मजदूरों, खेतिहर श्रमिकों, किसानों, छात्रों और नौजवानों के सामने रोजगार, मजदूरी, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा सामाजिक सुरक्षा जैसे बुनियादी सवाल गंभीर रूप धारण कर चुके हैं। केंद्र एवं बिहार सरकार इन समस्याओं के समाधान के बजाय जनविरोधी नीतियों को लागू करने में लगी हुई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर आम जनता को संगठित करने तथा जनसमस्याओं को लेकर व्यापक जनआंदोलन खड़ा करने का आह्वान किया।
जिला सचिव कॉ. ध्रुव नारायण कर्ण ने मधुबनी जिले में चल रहे गरीब बसाओ आंदोलन एवं भूमि संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि भूमिहीन गरीबों को आवासीय एवं कृषि योग्य भूमि दिलाने की लड़ाई को और तेज किया जाएगा। उन्होंने खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा का व्यापक सदस्यता अभियान चलाने, घर-घर संपर्क स्थापित करने तथा गरीब, मजदूर, किसान, छात्र और नौजवानों को संगठन से जोड़ने पर विशेष बल दिया। बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन की रणनीति तथा आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। अंत में प्रखंड सचिव कॉ. भूषण सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं से पार्टी की जनपक्षीय नीतियों एवं संघर्षों को गांव-गांव तक पहुंचाने, संगठन को अधिक मजबूत बनाने तथा जनता के सवालों पर निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
बैठक को तस्लीम मुस्तफा, नरेश ठाकुर, नजाम, मुमताज, महेश्वर पासवान, अताकरिम अंसारी, मोहन पासवान, गुड्डा गुप्ता, फूलो देवी, शिवो देवी, प्यारी देवी, उमेद जानकी देवी सहित अनेक साथियों ने उपस्थित रहे और संबोधित किया।

