बिहार में स्टेट हाईवे पर भी लगेगा टोल टैक्स, सम्राट कैबिनेट ने दी मंजूरी
न्यूज डेस्क
पटना/बिहार में वाहन चालकों को बड़ा झटका लगा है। सम्राट कैबिनेट ने स्टेट हाईवे (SH) पर भी टोल टैक्स वसूलने के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है। अब राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) की तर्ज पर बिहार के सभी स्टेट हाईवे पर गाड़ियों से टोल लिया जाएगा। कार-जीप, टेंपो से लेकर बस, ट्रक तक सभी वाहनों के लिए टोल टैक्स की दरें तय कर ली गई हैं।
कैबिनेट बैठक में पथ निर्माण विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी मिली। इसके तहत PPP मॉडल पर बने और 2-लेन से अधिक चौड़े सभी स्टेट हाईवे पर टोल प्लाजा लगाए जाएंगे। सड़क रखरखाव और नए SH के निर्माण के लिए फंड जुटाने का हवाला दिया गया है।
सभी निजी और व्यावसायिक वाहन टोल के दायरे में आएंगे:
– कार/जीप/वैन
– ऑटो/टेंपो
– बस/मिनी बस
– ट्रक/ट्रेलर/भारी वाहन
दोपहिया वाहन और कृषि कार्य में लगे ट्रैक्टर को फिलहाल छूट दी गई है। स्थानीय निवासियों के लिए मासिक पास की व्यवस्था होगी।
पथ निर्माण विभाग के अनुसार एनएचएआई की तर्ज पर प्रति किमी के हिसाब से दरें होंगी। औसतन 65 पैसे से 3.50 रुपये प्रति किमी तक वसूली हो सकती है। कार-जीप के लिए 40-60 रुपये और भारी वाहनों के लिए 200-500 रुपये प्रति टोल प्लाजा संभावित है। अंतिम दरें जल्द अधिसूचित की जाएंगी।
पहले चरण में 15 प्रमुख SH पर टोल शुरू होगा, जिसमें पटना-बख्तियारपुर SH-1, हाजीपुर-मुजफ्फरपुर SH-74, भागलपुर-दुमका SH-85समेत अन्य शामिल हैं। 60 किमी के दायरे में एक टोल प्लाजा का नियम रखा गया है।
ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने फैसले को महंगाई बढ़ाने वाला बताया है। विपक्ष ने कहा कि बिहार में पहले से पेट्रोल-डीजल महंगा है, अब टोल से आम आदमी पर बोझ पड़ेगा।

