बिहार

वीबी-जी राम जी अधिनियम के तहत 125 दिनों का मिलेगा रोजगारः मंत्री ।।2.वैभव की प्रतिभा भारतीय क्रिकेट का उज्जवल भविष्य: मंत्री।। 3.विदेशी भाषा प्रशिक्षण के तहत पटना सिटी के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में खुलेगा नया केंद्र: मंत्री ।।4. भीषण गर्मी के कारण सुबह 6.30 से दोपहर 12.30 बजे तक सरकारी स्कूल खोलने का आदेश ।। 5.नीट (यूजी) की परीक्षा में निगम की बसों ने 2200 अभ्यर्थियों को मुफ्त पहुंचाया केंद्र

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

राजकुमार यादव की रिपोर्ट 

पटना/विकसित भारत- जीरामजी योजना के संबंध में उप विकास आयुक्तों, एनइपी निदेशकों एवं मनरेगा के जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों का एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम मुख्य सचिवालय परिसर स्थित अधिवेशन भवन में आयोजित किया गया। इसका उद्घाटन ग्रामीण विकास विभाग के माननीय मंत्री श्री श्रवण कुमार ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि विकसित भारत-जी राम जी (वीबी-जी राम जी) अधिनियम के तहत अकुशल श्रम कार्य करने के इच्छुक पात्र ग्रामीणों को प्रति वर्ष 125 दिनों के रोजगार की गारंटी मिलेगी। योजना के मुख्य बिन्दुओं की चर्चा करते हुए उन्होंने कृषि और मौसम आधारित योजनाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
श्री कुमार ने केंद्र सरकार से सभी राज्यों में विकसित भारत जी राम जी के तहत एक समान मजदूरी निर्धारित करने के साथ-साथ पूर्व की लंबित राशि को शीघ्र जारी करने का अनुरोध किया। ग्रामीण विकास विभाग की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास के क्षेत्र में कई मोर्चों पर राज्य की उपलब्धियां सराहनीय रहीं। जल संरक्षण के लिए बिहार के चेक डैम मॉडल को पूरे देश ने अपनाया। साथ ही कुआं एवं तालाब निर्माण में बिहार को राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। माननीय मंत्री ने कहा कि राज्य में अब तक 20 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं और चालू वित्तीय वर्ष में 1.25 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि जल-जीवन- हरियाली अभियान के शुरुआत में राज्य में हरित क्षेत्र 9 प्रतिशत था, जो बढ़ कर 16 प्रतिशत तक पहुंच चुका है। उन्होंने इसे और बढ़ाकर राष्ट्रीय औसत 33 प्रतिशत तक ले जाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने मनरेगा अंतर्गत खेल मैदान निर्माण के क्षेत्र में राज्य की उल्लेखनीय उपलब्धि की चर्चा की। इस अवसर पर ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव श्री पंकज कुमार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में श्रमिकों को रोजगार देने की योजना प्राचीन काल से चली आ रही है। इसमें जरूरत के अनुसार समय-समय पर बदलाव किए जाते रहे हैं।
विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम उसी का आधुनिक स्वरूप है, जो आज की आवश्यकताओं के अनुरूप है। उन्होंने बताया कि बड़े राज्यों में बिहार ही ऐसा पहला राज्य है जहां इस अधिनियम को सबसे पहले कैबिनेट से पारित किया गया। इस पूरी योजना को ग्रामीण क्षेत्र की आधारभूत संरचना, जीविका, जल प्रबंधन और प्राकृतिक आपदा से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि योजना के लागू होने के बाद गांवों में आधुनिक ग्रामीण हाट बनाने के साथ-साथ इनका राष्ट्रीय स्तर पर नेटवर्किंग भी किया जाएगा। किसानों के उत्पादों को भंडारित करने के लिए भी तकनीकी आधारित सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी।
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय के निदेशक संजय कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से तय किए गए विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए बिहार का विकसित होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि योजना के तहत सभी काम व्यवस्थित तरीके से होना चाहिए। केंद्र सरकार ने बिहार के लिए 6715 करोड़ रुपये का अंतरिम आवंटन दिया है। यह राशि वर्तमान वित्तीय वर्ष के बचे हुए नौ महीनों के लिए है।
जीविका के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी श्री हिमांशु शर्मा ने कहा कि मनरेगा के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में कई अहम कार्य किए गए। अब वीबी-जी राम जी अधिनियम के तहत ग्रामीण अर्थव्यवस्था को केंद्रीकृत करने की आवश्यकता है। उन्होंने ग्रामीण विकास के लिए कृषि और पशु पालन आधारित उत्पादन को बढ़ाने पर जोर दिया। कहा कि तैयार की जाने वाली योजनाओं के क्रियान्वयन में महिलाओं और युवाओं की समुचित सहभागिता जरूरी है। कार्यक्रम में भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के परियोजना पदाधिकारी नबनीता दास, बिहार रूरल डेवलपमेंट सोसाईटी के मुख्य परिचालन पदाधिकारी संजय कुमार सिंह समेत ग्रामीण विकास विभाग के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।

 

2.वैभव की प्रतिभा भारतीय क्रिकेट का उज्जवल भविष्य: मंत्री

पटना/त्रिकोणीय श्रृंखला में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने मात्र 11 गेंदों में अर्द्धशतक पूरा कर ‘लिस्ट-ए-क्रिकेट‘ में नया कीर्तिमान स्थापित किया। इस शानदार उपलब्धि पर हॉकी एसोसिएशन ऑफ बिहार के अध्यक्ष, जदयू विधायक दल के नेता, ग्रामीण विकास तथा सूचना एवं जन संपर्क विभाग ने माननीय मंत्री श्री श्रवण कुमार ने हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने भारत ‘ए‘ की 66 रन की शानदार जीत तथा वैभव सूर्यवंशी को ‘प्लेयर ऑफ द मैच‘ चुने जाने पर विशेष बधाई दी। माननीय मंत्री ने कहा कि वैभव की प्रतिभा, आत्मविश्वास और आक्रामक बल्लेवाजी भारतीय क्रिकेट के उज्जवल भविष्य का संकेत है। उन्होंने युवा खिलाड़ियों के प्रति आशा व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले समय में वे इसी तरह का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रौशन करते रहेंगे।

 

3.विदेशी भाषा प्रशिक्षण के तहत पटना सिटी के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में खुलेगा नया केंद्र: मंत्री

 

पटना/विदेशी भाषा प्रशिक्षण के तहत पटना सिटी के औदयोगिक प्रशिक्षण संस्थान में नया केंद्र जल्द शुरू किया जाएगा। जहां अंग्रेजी, कोरियन, जापानी, जर्मन और अरबी भाषाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। ये बातें युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के माननीय मंत्री श्री अरुण शंकर प्रसाद ने कही। मंत्री सोमवार को विभागीय कार्यालय में बिहार कौशल विकास मिशन से संचालित योजनओं की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मिशन की ओर से राज्य के युवाओं में रोजगार क्षमता बढ़ाने के लिए विदेशी भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। वर्तमान में जर्मन (30), अंग्रेजी (30), जापानी (30) और अरबी (21) भाषा में कुल 111 अभ्यर्थियों का नामांकन हुआ है। कोरियन भाषा प्रशिक्षण के लिए एमओयू हस्ताक्षरित किया गया है।
मिशन की ओर से चल रही प्रशिक्षण कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभाग-वार सेक्टर आधारित जॉब रोल की सूची उपलब्ध कराई गई है। बिहार कौशल विकास मिशन से परियोजना प्रबंधन इकाई से कर्मियों को नामित किया गया है, जो समन्वय स्थापित करते हुए तकनीकी सहयोग एवं परामर्श प्रदान करेंगे। डोमेन स्किलिंग योजना के अंतर्गत 23 नए विभागों में प्रशिक्षण प्रारम्भ किए जाने के लिए प्रस्तावित कार्यशालाओं के माध्यम से प्रक्रियाओं, भूमिकाओं, वित्तीय प्रावधान एवं नियोजन संबंधी पहलुओं पर मार्गदर्शन एवं क्षमता निर्माण सुनिश्चित किया जाएगा।
सरकार-से-सरकार साझेदारी के अंतर्गत बिहार कौशल विकास मिशन एवं वर्ल्ड स्किल सेंटर, भुवनेश्वर के बीच सहयोग के अंतर्गत प्रशिक्षण पद्धति, पाठ्यक्रम निर्माण एवं मूल्यांकन प्रणाली में वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाओं को अपनाते हुए बिहार में तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता एवं संस्थागत क्षमता को सुदृढ़ किया जा रहा है। शिक्षार्थी-केंद्रित एवं प्रायोगिक प्रशिक्षण मॉडल को औद्योगिक संस्थानों में लागू करने की दिशा में कार्य किया गया है, जिसके अंतर्गत राज्य के सभी 152 सरकारी औदयोगिक प्रशिक्षण संस्थानों से एक-एक प्रशिक्षक सहित कुल 152 प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण कराया गया है। मौके पर माननीय मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध, पारदर्शी एवं परिणाम आधारित तरीके से सुनिश्चित किया जाए ताकि राज्य के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार एवं कौशल विकास के अवसर प्राप्त हो सकें।
मौके पर विभागीय सचिव डॉ. कौशल किशोर ने मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों, प्रशिक्षणार्थियों की अद्यतन स्थिति के बारे में बताया। मिशन की रणनीति के तहत उन्होंने बताया कि कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत वर्ष 2026-27 में कुल 03 निविदायें जारी की गई हैं। इन निविदाओं के माध्यम से दिव्यांगजन, ट्रांसजेंडर एवं मानसिक रोग से उबर चुके अभ्यर्थियों के कौशल विकास हेतु एजेंसियों के चयन की प्रक्रिया संचालित है। साथ ही बिहार संग्रहालय से प्राप्त प्रस्ताव के आलोक में “म्यूजियम टूर गाइड” पाठ्यक्रम उनके परिसर में प्रारंभ किया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए बिहार संग्रहालय को सरकारी प्रशिक्षण प्रदाता के रूप में पंजीकरण की प्रक्रिया पर कारवाई की जा रही है। इस दौरान मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की प्रगति से भी अवगत कराया गया। प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना, राष्ट्रीय शिक्षुता प्रोत्साहन योजना, रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण एवं कौशल विकास कार्यक्रम, युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए जागरूकता कार्यक्रम एवं कार्यशाला पर विशेष चर्चा की गई। इन योजनाओं के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार एवं कौशल विकास के अवसरों से जोड़ने पर बल दिया गया।
मौके पर अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी श्री हेमंत कुमार सिंह, मिशन निदेशक श्री मनीष शंकर समेत मिशन के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

4.भीषण गर्मी के कारण सुबह 6.30 से दोपहर 12.30 बजे तक सरकारी स्कूल खोलने का आदेश

पटना/राज्य में पड़ रही उमस भरी भीषण गर्मी को देखते हुए 30 जून तक सभी प्रारंभिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक सरकारी विद्यालयों का संचालन सुबह 6.30 से दोपहर 12.30 बजे तक किया जाएगा। इसे लेकर शिक्षा विभाग के माध्यमिक शिक्षा निदेशक श्री सज्जन आर ने सोमवार को सभी जिलों के सभी संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजा है, जिसमें निर्धारित नए टाइम टेबल के अनुसार विद्यालयों का संचालन करने के लिए कहा गया है।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने राज्य के सभी प्रमंडलीय आयुक्त, सभी निदेशक, सभी डीईओ सहित संबंधित अधिकारियों के पास पत्र भेजकर कहा है कि ग्रीष्मकाल में राज्य में पड़ने वाली भीषण गर्मी एवं लू को ध्यान में रखते हुए प्रारंभिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों का संचालन करने का समय तय किया गया है। इसी समय सारणी के अनुसार उक्त विद्यालयों का संचालन 22 से 30 जून तक किया जाएगा।
हालांकि स्थानीय परिस्थितियों एवं मौसम की गंभीरता को देखते हुए संबंधित जिला पदाधिकारियों को आवश्यकतानुसार विद्यालय संचालन के समयावधि में संशोधन करने का अधिकार प्रदान किया गया है। सभी डीएम को स्कूलों के नियम में बदलाव करके संचालन या इसे बंद रखने का अधिकार है।

 

5.नीट (यूजी) की परीक्षा में निगम की बसों ने 2200 अभ्यर्थियों को मुफ्त पहुंचाया केंद्र

पटना/नीट(यूजी) पुनर्परीक्षा के दौरान बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सराहनीय पहल की। रविवार 21 जून को आयोजित परीक्षा में राज्यभर के करीब 2200 परीक्षार्थियों को निगम की बसों ने निशुल्क परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया। निगम के अनुसार, पटना प्रमंडल में सबसे अधिक 1305 अभ्यर्थियों ने इस सुविधा का लाभ उठाया। इनमें सिटी बस, इलेक्ट्रिक बस और लंबी दूरी की बसों का इस्तेमाल शामिल रहा। इसी तरह मुजफ्फरपुर प्रमंडल में 350 से अधिक, दरभंगा में करीब 250, गयाजी में लगभग 200, भागलपुर में लगभग 50 और पूर्णिया प्रमंडल में 14 परिक्षार्थियों ने निगम की बसों में केवल एडमिट कार्ड दिखाकर निशुल्क सुविधाजनक यात्रा का अनुभव लिया।
बता दें कि निगम ने पटना सहित पूरे 6 प्रमंडलों में अपनी सरकारी और प्राइवेट मोड वाली बसों को परीक्षार्थियों के लिए उपलब्ध कराया था। इस व्यवस्था से दूर-दराज के इलाकों से आने वाले छात्र-छात्राओं को काफी राहत मिली और वे समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच सके।