पद्मा पंचायत में पंचायत सरकार भवन प्रशासन को सौंपा ग्रामीणों को मिलेंगी एक छत के नीचे सभी सुविधाएं
न्यूज डेस्क
मधुबनी जिले के लदनियां प्रखंड अंतर्गत पद्मा पंचायत में नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन को विधिवत रूप से स्थानीय प्रशासन को हस्तगत करा दिया गया। योजना एवं विकास विभाग द्वारा बनाए गए इस भवन के शुरू होने से अब ग्रामीणों को पंचायत स्तर की सभी सरकारी सेवाएं एक ही जगह मिल सकेंगी।
बीपीआरओ सुरेश कुमार की मौजूदगी में निर्माण एजेंसी काजल बिल्डर्स एण्ड डेवलपर्स प्रा. लिमिटेड, मोतिहारी के संचालक राजू सिंह ने मुखिया सुजीत कुमार पासवान और पंचायत सचिव जितेन्द्र कुमार ठाकुर को संयुक्त रूप से भवन की चाबी सौंपी।
हस्तांतरण की पूरी प्रक्रिया योजना विकास विभाग के एसडीओ सुरेश कुमार और कनीय अभियंता आनंद कुमार की देखरेख में संपन्न हुई।
पंचायत सरकार भवन के चालू होने से पद्मा पंचायत के लोगों को अब आरटीपीएस काउंटर, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, आवासीय, आय, जाति, ओबीसी प्रमाण पत्र समेत अन्य सभी सेवाएं यहीं मिल जाएंगी।
अब तक इन कामों के लिए ग्रामीणों को प्रखंड मुख्यालय का चक्कर लगाना पड़ता था, जिसमें समय और पैसे दोनों खर्च होते थे। मुखिया सुजीत कुमार पासवान ने कहा कि भवन शुरू होने से पारदर्शिता बढ़ेगी और लोगों को सहूलियत मिलेगी।

