बड़ी खबरेबिहारमनोरंजनशिक्षासमस्यासंस्कृतिसाहित्य

तीन दिवसीय स्वास्थ्य एवं संबद्ध क्षेत्र रोजगार मेले में 10 हजार 882 प्रतिभागियों को मिला काम।। 2.मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने की सक्षम योजना की प्रगति की समीक्षा।। 3. बिहार विधान सभा के नव नियुक्त सत्तारूढ़ दल के मुख्य उप सचेतक मंजीत सिंह, सचेतक सुधांशु शेखर, अरूण मांझी तथा विनय कुमार चौधरी ने जनता दल (यू) के सर्वमान्य।। 4.राज्य की पंचायतों में लगी 11 लाख से अधिक सोलर स्ट्रीट लाईट्स।। 5.मुख्यमंत्री ने राज्य कर्मियों को दिया बड़ा तोहफा  विधायक से लेकर सभी स्तर के सरकारी कर्मियों को कैशलेस इलाज की सुविधा।। 5.मुख्यमंत्री ने राज्य कर्मियों को दिया बड़ा तोहफा  विधायक से लेकर सभी स्तर के सरकारी कर्मियों को कैशलेस इलाज की सुविधा

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

राजकुमार यादव की रिपोर्ट 

पटना/स्वास्थ्य एवं संबद्ध क्षेत्र रोजगार मेला का समापन-सह-ऑफर लेटर वितरण समारोह बुधवार को पटना के ज्ञान भवन परिसर में किया गया। युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग की ओर से आयोजित इस तीन दिवसीय रोजगार मेले में युवाओं ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया, इसमें 70 हजार से अधिक युवाओं ने ऑनलाईन आवेदन किया वहीं 16 हजार से अधिक ने भाग लिया। समापन समारोह में विभागीय मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने स्वास्थ्य एवं संबद्ध क्षेत्र रोजगार मेला नामक पुस्तक का विमोचन किया। साथ ही मंच पर नवनियुक्त 15 युवाओं को नियुक्तिपत्र सौपा। मंत्री ने कहा कि पिछले तीन दिनों में प्राप्त परिणाम बिहार के युवाओं की प्रतिभा, मेहनत और सरकार की रोजगारोन्मुखी सोच का प्रमाण हैं। मंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि रोजगार प्राप्त करना केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि परिवार और समाज के विश्वास की जीत भी है। उन्होंने कहा कि इस तीन दिवसीय रोजगार मेले में 10 हजार 882 युवाओं को रोजगार प्राप्त हुआ है। इनमें 7 हजार से अधिक पुरुष और 2 हजार महिलाएं शामिल है। लगभग 2 हजार युवाओं को बिहार में व लगभग 6 हजार युवाओं को राज्य से बाहर विभिन्न जगहों पर रोजगार प्राप्त हुआ है, 1984 प्रतिभागियों ने विदेशों में उपलब्ध नौकरी में रुची दिखाई है।
इसमें प्रतिष्ठित उद्योगों ने भाग लिया, जिसमें मेदांता हॉस्पीटल, अपोलो मेडिकल, पारस हॉस्पीटल, रूबन हॉस्पीटल, 2050 हेस्थ केयर, मेडिमिक्स, हाईकेम, एर्बड फार्मसिटिकल, अखण्ड ज्योति नेत्र हॉस्पीटल, फोर्ड हॉस्पीटल, इत्यादि नियोक्ता सम्मिलित है। विदेशों में रोजगार के लिए जर्मनी, जापान, यूरोप, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, ओमान, बहरीन आदि देशों में अवसर मिले। ये नौकरियां हेल्थ केयर सपोर्ट, लॉजिस्टिक्स, नर्सिंग, इंडस्ट्रियल मैकेनिक्स, पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी जैसे क्षेत्रों में थीं। इस रोजगार मेले में सबसे अधिक वेतन 18 लाख रुपये प्रति वर्ष और सबसे कम वेतन 1 लाख 80 हजार रुपये प्रति वर्ष दिये गये।
रोजगार मेले में सबसे आकर्षक नियुक्ति जयप्रभा मेदांता सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल की ओर से की गई। संस्थान ने डॉ. कृष्णा को मेडिसिन स्पेशलिस्ट तथा डॉ. शताक्षी को क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ के पद पर 18-18 लाख रुपये वार्षिक पैकेज पर चयनित किया। वहीं हेकम इंडिया प्रा. लि. ने अपर्णा कुमारी का एच आर पद पर लगभग 88 हजार रुपये मासिक वेतन पर चयन किया, जबकि महेश कुमार और प्रिंस कुमार को दिल्ली-एनसीआर में जीडीए/नर्सिंग पद के लिए 45 हजार रुपये मासिक वेतन का अवसर मिला। इसके अलावा 2025 हेल्थ केयर प्रा. लि. ने रिंकी कुमारी और रोहित का बेड साइड अटेंडेंट पद पर चयन किया।
इस मौके पर विभाग के सचिव कौशल किशोर ने कहा कि यह रोजगार मेला समापन नही यह शुरुआत है। उन्होंने बताया कि विभाग मंत्री जी के मार्गदर्शन में विभिन्न क्षेत्रों के लिए वर्ष में छह से सात बार ऐसे रोजगार शिविर आयोजित करेगा, जिससे युवाओं को नियमित रूप से रोजगार के अवसर मिल सकें। इससे राज्य के युवाओं को रोजगार के साथ-साथ सिखने, समझने और विचार करने का मौका मिलेगा। उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि शुरुआती दौर में वेतन को लेकर निराश न हों, क्योंकि निजी क्षेत्र में अनुभव और कार्यकुशलता के आधार पर वेतन एवं पदोन्नति की संभावनाएं तेजी से बढ़ती हैं। उन्होंने कहा कि अधिकांश अभ्यर्थी नए हैं और व्यावहारिक अनुभव की कमी स्वाभाविक है, इसलिए करियर की शुरुआत धैर्य और सीखने की भावना के साथ करनी चाहिए। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए बिहार के युवाओं से देश और दुनिया में अपनी प्रतिभा का परचम लहराने का आह्वान किया।

 

2.मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने की सक्षम योजना की प्रगति की समीक्षा

पटना/समाज कल्याण विभाग की मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने विभाग के अंतर्गत संचालित “सक्षम” योजना की प्रगति एवं विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने अपर मुख्य सचिव एच. आर. श्रीनिवास के साथ बुधवार को विभागीय कार्यालय का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने योजना के क्रियान्वयन, लाभार्थियों तक पहुंच रही सुविधाओं तथा भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा किया। बैठक में “सक्षम” योजना के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों एवं योजनाओं की समीक्षा हुई। उन्होंने कहा कि योजना का मुख्य उद्देश्य भिक्षुकों, दिव्यांगजनों और वृद्धजनों को सशक्त बनाना तथा उनकी स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करना है, ताकि वे समाज की मुख्यधारा से जुड़कर आत्मनिर्भर जीवन जी सकें।
समीक्षा के दौरान “उज्ज्वल दृष्टि” योजना की विशेष रूप से चर्चा हुई। इसके तहत राज्य के सभी 101 बुनियाद केंद्रों पर निशुल्क नेत्र जांच एवं चश्मा वितरण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। बुनियाद केंद्रों पर बड़ी संख्या में लाभार्थियों की आंखों की जांच हुई है।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भिक्षुकों, दिव्यांगजनों और वृद्धजनों के कल्याण एवं सम्मानजनक जीवन के लिए प्रतिबद्ध है। “सक्षम” योजना के माध्यम से दिव्यांगजनों को आवश्यक उपकरण, स्वास्थ्य सहायता और विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

 

3.बिहार विधान सभा के नव नियुक्त सत्तारूढ़ दल के मुख्य उप सचेतक मंजीत सिंह, सचेतक सुधांशु शेखर, अरूण मांझी तथा विनय कुमार चौधरी ने जनता दल (यू) के सर्वमान्य

पटना /श्रवण कुमार, जनता दल(यू0) विधायक दल के नेता-सह- मंत्री, ग्रामीण विकास तथा सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के साथ बिहार विधान सभा के नव नियुक्त सत्तारूढ़ दल के मुख्य उप सचेतक मंजीत सिंह, सचेतक सुधांशु शेखर, अरूण मांझी तथा विनय कुमार चौधरी ने जनता दल (यू) के सर्वमान्य नेता, राज्य सभा सदस्य एवं पूर्व मुख्‍यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी से 7 सर्कुलर रोड स्थित आवास पर जाकर शिष्टाचार मुलाकात किया एवं आगे कार्य करने हेतु आशीर्वाद प्राप्त किया ।
इस अवसर उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, बिहार विधान परिषद में जनता दल यू0 के उपनेता श्री ललन सर्राफ, बिहार विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक श्री संजय कुमार सिंह उर्फ संजय गांधी जी भी मौजूद रहे ।

 

4.राज्य की पंचायतों में लगी 11 लाख से अधिक सोलर स्ट्रीट लाईट्स

 

पटना/राज्य की पंचायतों में मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाईट योजना के तहत कुल 11 लाख 13 हजार 648 सोलर स्ट्रीट लाईट्स लगाई जा चुकी है। वहीं 10 जिलों (औरंगाबाद, अरवल, भोजपुर, मधुबनी, खगड़िया, किशनगंज, सीतामढ़ी, शिवहर, बक्सर व लखीसराय) में सोलर स्ट्रीट लाईट लगाने का काम पूरा कर लिया गया है। यह जानकारी बुधवार को पंचायती राज विभाग के सचिव मनोज कुमार ने विभागीय समीक्षा बैठक में दी। इस दौरान सभी जिलों के उप-विकास आयुक्त, जिला पंचायत राज पदाधिकारी और जिला परिषद के अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

सचिव ने जिला पंचायत राज पदाधिकारियों को लाईट्स के रख-रखाव के लिए एजेंसियों की ओर से स्थापित सर्विस सेंटर्स का नियमित निरीक्षण कर प्रतिवेदन विभाग को उपलब्ध कराने कहा। उन्होंने पंचायतों में होने वाली मृत्यु और 24 घंटे के अंदर निर्गत मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित प्रतिवेदन नियमित रूप से विभाग को देने का निदेश दिया। यह भी निदेश दिया कि पंचायतों में अवस्थित मोक्षधाम व कब्रिस्तान में अंत्येष्टि होने की स्थिति में हर हाल में 24 घंटे के अंदर मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत किया जाए, ताकि आमजन को समयबद्ध सेवा उपलब्ध हो सके।

पंचायत सरकार भवनों में उपलब्ध हो जनोपयोगी सुविधाएं

पंचायत सरकार भवन निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सचिव ने निर्मित पंचायत सरकार भवनों का जल्द हस्तांतरण करने कहा। साथ ही संचालित पंचायत सरकार भवनों में बैंक, पोस्ट ऑफिस, आरटीपीएस केन्द्र, पुस्तकालय और सुधा होल डे मिल्क पार्लर जैसी जनोपयोगी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निदेश दिया। साथ ही बायोमेट्रिक मशीन, ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क व सोलर पैनल के लगाने की नियमित समीक्षा करने के लिए भी पदाधिकारियों को निदेशित किया है।

बैठक में छठे राज्य वित्त आयोग और 15वीं वित्त आयोग की ओर से प्राप्त राशि की प्रशासनिक स्वीकृति लेकर तेजी से जनकल्याणकारी योजनाओं पर खर्च करने के लिए सचिव ने पदाधिकारियों को निदेशित किया।

बैठक में निदेशक नवीन कुमार सिंह, अपर सचिव डॉ. आदित्य प्रकाश, संयुक्त सचिव शम्स जावेद अंसारी सहित विभाग के अन्य पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे।

 

5.मुख्यमंत्री ने राज्य कर्मियों को दिया बड़ा तोहफा 
विधायक से लेकर सभी स्तर के सरकारी कर्मियों को कैशलेस इलाज की सुविधा

पटना/मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने सरकारी कर्मियों और उनके परिवार वालों को कैशलेस इलाज कराने का बड़ा तोहफा दिया है। इस नई सुविधा के दायरे में विधानमंडल के वर्तमान एवं पूर्व सदस्यों के अलावा सभी स्तर के सरकारी पदाधिकारी या कर्मी, पेंशनधारी और उनके आश्रित तथा पारिवारिक पेंशन का लाभ उठाने वाले आएंगे। इसमें अखिल भारतीय सेवा के सेवारत एवं सेवानिवृत पदाधिकारियों तथा उनके आश्रित को भी शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की बुधवार को हुई महत्वपूर्ण बैठक में 27 एजेंडों पर मुहर लगी। इस बैठक में लिए गए निर्णयों के बारे में मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री अरविंद कुमार चौधरी ने सूचना भवन के सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी दी।
अपर मुख्य सचिव ने कहा कि इस बिहार सरकार स्वास्थ्य योजना के अधीन किसी भी अस्पताल में भर्ती होकर इलाज कराने वालों को इसका लाभ मिलेगा। इनके लिए अब चिकित्सा कराना आसान और सुविधाजनक हो जाएगा। कैबिनेट की मुहर लगने के बाद स्वास्थ्य विभाग इससे संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करेगा। इसके बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि कितनी राशि तक का इलाज मुफ्त होगा या मुफ्त इलाज में राशि की कोई सीमा नहीं होगी। इन तथ्यों का विस्तार से विवरण स्वास्थ्य विभाग के स्तर से जारी दिशा-निर्देश में होगा। इस योजना के तहत सभी कर्मियों और इसके दायरे में आने वाले अन्य सभी लोगों को एक कैशलेस इलाज से संबंधित एक कार्ड बनाकर दिया जाएगा। साथ ही राज्य और देश के सभी प्रमुख अस्पतालों को इस योजना से जोड़ा जाएगा, ताकि इस कैशलेस कार्ड को दिखाकर कोई व्यक्ति अपना इलाज बिना कोई राशि खर्च किए आसानी से करवा सकें। राज्य कर्मियों को प्रत्येक महीने एक हजार रुपये मेडिकल भत्ता मिलता है, उसमें 900 रुपये की कटौती प्रत्येक महीने की जाएगी। मौजूदा व्यवस्था के तहत सरकारी कर्मियों के लिए कैशलेस इलाज की एक सीमित दायरे में व्यवस्था है। इनके लिए एक निश्चित राशि तक की प्रतिपूर्ति राशि के जरिए चिकित्सा कराने की सुविधा है। परंतु नई व्यवस्था में पूरी तरह से कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी।
कैबिनेट की बैठक में बिहार सचिवालय लिपिकीय सेवा (संशोधन) नियमावली, 2026 में तीन संशोधन पर अनुमति मिली है। इसके तहत केंद्रीय सचिवालय लिपिकीय सेवा की तर्ज पर बिहार सचिवालय लिपिकीय सेवा के निम्नवर्गीय लिपिक एवं उच्चवर्गीय लिपिक का पदनाम कनीय सचिवालय सहायक और वरीय वरीय सचिवालय सहायक के तौर पर कर दिया गया है। इसके अलावा कार्यालय परिचारी या परिचारी (विशिष्ट) को 15 प्रतिशत के स्थान पर 25 प्रतिशत कनीय सचिवालय सहायक के पदों पर प्रोन्नति से भरने का प्रावधान कर दिया गया है। तीसरा संशोधन के तहत कनीय सचिवालय सहायक के पद पर नियुक्ति के बाद परिवीक्षा अवधि दो वर्ष के स्थान पर 1 वर्ष किया जाता है।