3 लाख घूस लेते , CO और बीच सड़क पर 20 हजार लेते सिविल सर्जन का क्लर्क गिरफ्तार
रामकुमार यादव
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) की टीम ने रोहतास जिले के सासाराम में ताबड़तोड़ छापेमारी कर प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा दिया है। पहली बड़ी कार्रवाई में सासाराम सदर के अंचल अधिकारी (CO) आकाश कुमार रौनियार और उनके सहयोगी सोनू कुमार को जमीन परिमार्जन के एवज में पहली किस्त के रूप में 3 लाख रुपये की मोटी घूस लेते हुए मोरसराय स्थित एक किराए के मकान से रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया; दरअसल सीओ ने एक आवेदक से राजस्व कर्मचारी के माध्यम से कुल 6 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी, जिससे तंग आकर पीड़ित ने विजिलेंस में शिकायत दर्ज कराई थी।
इस महारेड से ठीक 3 घंटे पहले निगरानी टीम ने सासाराम के सिविल सर्जन कार्यालय के लिपिक (क्लर्क) सतीश कुमार को भी संझौली पीएचसी के एकाउंट मैनेजर से ट्रांसफर कराने के नाम पर बीच सड़क से 20 हजार रुपये की घूस लेते हुए दबोचा था। डीएसपी पवन कुमार के नेतृत्व में महज कुछ ही घंटों के भीतर दो अलग-अलग सरकारी दफ्तरों में हुई इस ताबड़तोड़ और विजिलेंस कार्रवाई से पूरे जिले के भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच भारी दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है।

