प्रेम – प्रसंग में खूनी रंजिश, युवक की गोली मारकर हत्या, एसपी ने लिया घटनास्थल का जायजा
राजकुमार यादव
मधुबनी / राजनगर थाना क्षेत्र के मंगरौनी में मंगलवार रात करीब 10 बजे प्रेम प्रसंग से जुड़ी पुरानी रंजिश में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान खजेडीह, लदनिया निवासी 28 वर्षीय निखिल झा, पिता शेषनाथ झा के रूप में हुई है। गोली गर्दन में लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, निखिल झा और मुख्य आरोपी बलवंत झा के बीच एक लड़की से प्रेम प्रसंग को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। मंगलवार रात दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद बलवंत झा और उसके साथियों ने फायरिंग कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी योगेंद्र कुमार देर रात मंगरौनी पहुंचे। उन्होंने एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद सदर अस्पताल जाकर मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों से मुलाकात की।
एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि यह पूरी घटना आपसी रंजिश का नतीजा है। मुख्य आरोपी बलवंत झा समेत सभी नामजद अभियुक्तों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

