3200 रिश्वत लेते आंगनवाड़ी सुपरवाइजर मैडम रंगे हाथ गिरफ्तार
न्यूज डेस्क
नालंदा/ बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई तेज होती दिख रही है। जिले के नगरनौसा प्रखंड में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आंगनवाड़ी सुपरवाइजर सुषमा कुमारी को 3,200 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुपरवाइजर सुषमा कुमारी पोषाहार पंजी में हस्ताक्षर करने और अन्य विभागीय कार्यों को पूरा करने के बदले सेविका से पैसे की मांग कर रही थीं। इसको लेकर पीड़ित पक्ष ने निगरानी विभाग से शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद टीम ने मामले का गुप्त सत्यापन किया, जिसमें आरोप सही पाए गए।
इसके बाद निगरानी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। तय रणनीति के तहत जैसे ही सेविका ने 3,200 रुपये की घूस दी, पहले से मौके पर मौजूद विजिलेंस अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सुषमा कुमारी को रंगे हाथ पकड़ लिया।
इस कार्रवाई से नगरनौसा प्रखंड कार्यालय में हड़कंप मच गया। अन्य कर्मियों के बीच भी अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। गिरफ्तार आरोपी को आगे की पूछताछ के लिए पटना ले जाया गया है, जहां उससे इस मामले में और भी अहम खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है।
निगरानी विभाग का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

