चलती ट्रेन से उतरने के दौरान युवक के दोनों पैर कटे
पंकज कुमार सिंह की रिपोर्ट
मधुबनी जिले के घोघरडीहा रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक रेल के शिकार होते -होते बचने की उम्मीद। 13211 इंटरसिटी एक्सप्रेस से उतरने के दौरान एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, चलती ट्रेन से उतरने के क्रम में युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा इतना भयावह था कि युवक के दोनों पैर कट गए।
घायल युवक की पहचान खुटौना थाना क्षेत्र के जटही गांव निवासी बिंदेश्वर पासवान के 35 वर्षीय पुत्र भोला पासवान के रूप में हुई है। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यात्रियों की भीड़ जुट गई और लोगों में दहशत फैल गई।
स्थानीय लोगों, रेलवे कर्मियों तथा घोघरडीहा थाना पुलिस की मदद से घायल युवक को तत्काल घोघरडीहा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। स्थिति गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए मधुबनी रेफर कर दिया। फिलहाल युवक की हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे चलती ट्रेन से उतरने या चढ़ने का प्रयास न करें तथा सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।

