सेवा-संवाद-समाधान के तहत DM ने सुनी आमजनों की समस्याएं।। 2. एनसीओआरडी बैठक में नशा के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश, सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष छापेमारी अभियान तेज होगा
न्यूज डेस्क
मधुबनी जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने समाहरणालय परिसर स्थित अपने कार्यालय कक्ष में सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के अंतर्गत ‘‘सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)’’ कार्यक्रम के तहत आमजनों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन हेतु आवश्यक निर्देश दिए।
🔷 विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने रखीं अपनी समस्याएं
इस जनसंवाद कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत की ग्राम पोस्ट बेलही भवानीपुर, प्रखंड लौकही के गुलाब देवी ने निजी जमीन को धोखाधड़ी कर बेचने के संबंध में शिकायत किया। वही पैटघाट, थाना भैरवस्थान निवासी लीला देवी ने सरकारी जमीन खाता संख्या 270 खेसरा नं 1607 को अतिक्रमण हटाने के संबंध में आवेदन दिया। कृता देवी ग्राम मुखियापट्टी थाना साहरघाट निवासी ने हरिवंश सिंह के द्वारा घर उजाड़ने की मिल रही धमकी के संबंध ने शिकायत किया। गजवा भोजपंडौल निवासी विनोद कुमार के द्वारा बिजली मीटर हटाने के संबंध में आवेदन दिया। सभी मामलों में संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पारदर्शी और जनहितैषी प्रशासन की दिशा में पहल
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का सम्मानपूर्वक एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना तथा प्रशासन और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना है।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सभी पदाधिकारियों को पारदर्शी एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी भी अपने-अपने कक्षों में उपस्थित रहे और प्राप्त आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई किया।
2/एनसीओआरडी बैठक में नशा के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश, सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष छापेमारी अभियान तेज होगा
मधुबनी जिला पदाधिकारी, आनंद शर्मा की अध्यक्षता में नारकोटिक्स कॉर्डिनेशन कमिटी (NCORD) से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक में जिले को अपराध एवं नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से सूखा नशा (ड्रग्स) के विरुद्ध व्यापक एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर पूर्णतः अंकुश लगाने हेतु निरंतर छापेमारी एवं निगरानी अभियान चलाया जाए।विशेष रूप से सीमावर्ती क्षेत्रों के अंतर्गत चिन्हित 286 वाइब्रेंट विलेज में सशस्त्र सीमा बल (SSB) के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त छापेमारी अभियान चलाने का आदेश दिया गया।
बैठक में विशेष लोक अभियोजक (NDPS), मधुबनी को भी निर्देशित किया गया कि एनडीपीएस अधिनियम से संबंधित बहस हेतु लंबित कुल 05 मामलों में शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए न्यायालय से नजदीकी तिथि प्राप्त कर मामलों के त्वरित निपटारे की कार्रवाई करने पर बल दिया गया।
इसके अतिरिक्त, औषधि निरीक्षकों द्वारा छापेमारी के दौरान जब्त किए गए मादक पदार्थों के सुरक्षित भंडारण हेतु सदर अस्पताल, मधुबनी में एक कक्ष चिन्हित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही उक्त कक्ष की सुरक्षा के लिए पुलिस अधीक्षक, मधुबनी से सुरक्षा गार्ड की प्रतिनियुक्ति हेतु अनुरोध किया गया।
जिला पदाधिकारी ने SSB 48वीं बटालियन, जयनगर एवं SSB 18वीं बटालियन, राजनगर को सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन एवं सख्त छापेमारी अभियान चलाने हेतु अपेक्षित सहयोग प्रदान करने का निर्देश दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार,पुलिस उपाधीक्षक रश्मि, कमांडेंट एसएसबी,सभी औषधि निरीक्षक सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले को नशामुक्त एवं सुरक्षित बनाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने पर बल दिया।

