नाम वाला भी गलत है और नामकरण भी गलत है जिसके शासनकाल में पुल गिरने का रिकॉर्ड बना उसी के नाम पर पुल
रिपोर्ट::कृष्णा कुमार
पटना/बिहार में पुलों की कहानी अब सिर्फ ईंट-पत्थर और कंक्रीट की नहीं रह गई है। अब यह कहानी नाम की हो गई है क्रेडिट की हो गई है और राजनीति की हो गई है।पटना-वैशाली को जोड़ने वाले सेतु का नाम नीतीश सेतु रखा गया है। उद्घाटन हुआ, फीता कटा, फोटो खिंची, तालियां बजीं। लेकिन तालियों के पीछे से एक सवाल भी उठ रहा है जो अब धीरे-धीरे पूरे बिहार में गूंज रहा है।
सवाल सिर्फ इतना है नाम किसका होना चाहिए था और नाम किसका रख दिया गया।पुल गिरने का रिकॉर्ड और नामकरण का जश्न बिहार वो राज्य है जहां पुल गिरने की खबरें अब लोगों को चौंकाती नहीं हैं। कभी बनते हुए पुल गिर जाता है कभी उद्घाटन से पहले गिर जाता है कभी बारिश में बह जाता है।लोग कहते हैं बिहार में पुल गिरने का जैसे रिकॉर्ड ही बन गया है। एक नहीं, दो नहीं, कई-कई पुल कहीं पिलर धंस गया, कहीं स्लैब टूट गया, कहीं पूरा का पूरा ढांचा ही नदी में समा गया।
विडंबना है कि जिस शासनकाल में पुल गिरने की इतनी घटनाएं हुईं उसी शासनकाल के मुखिया के नाम पर नए पुल का नामकरण कर दिया गया।आम आदमी पूछ रहा है यह कैसा सम्मान है यह कैसी परंपरा है।नामकरण सम्मान के लिए होता है मजाक के लिए नहीं।
बिहार के बुजुर्ग कहते हैं किसी भी चीज का नामकरण बहुत सोच-समझकर किया जाता है। सड़क, पुल, स्कूल, अस्पताल का नाम किसी ऐसे व्यक्ति के नाम पर रखा जाता है जिसने उस क्षेत्र में कुछ बड़ा किया हो कुछ ऐसा किया हो जिस पर आने वाली पीढ़ियां गर्व कर सकें।लेकिन यहां तो उल्टा हो रहा है।लोगों का कहना है कि पुल का नामकरण विकास का प्रतीक होना चाहिए था लेकिन यह तो अब सवालों का प्रतीक बन गया है।सोशल मीडिया पर लोग लिख रहे हैं नाम वाला भी गलत है और नामकरण भी गलत है।
इस पूरे मामले में सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की हो रही है कि नेता लोग क्रेडिट लेने के लिए कितने उतावले हो गए हैं।पुल जनता के पैसे से बनता है। टैक्स जनता देती है। परेशानी जनता झेलती है। जाम में जनता फंसती है। टोल भी जनता ही देगी।लेकिन जब उद्घाटन की बारी आती है तो मंच पर सिर्फ नेता दिखते हैं। नाम भी नेता का फोटो भी नेता की, श्रेय भी नेता का।
एक आम आदमी ने कहा पुल गिरे तो ठेकेदार जिम्मेदार, इंजीनियर जिम्मेदार, बारिश जिम्मेदार, नदी जिम्मेदार। लेकिन पुल बन जाए तो श्रेय नेता का। यह कैसा न्याय है।
यही बात आज बिहार के हर चौक-चौराहे पर हो रही है
पटना-वैशाली के लोग क्या कह रहे हैं।पटना से वैशाली रोज सफर करने वाले लोगों की अपनी पीड़ा है।
एक ड्राइवर ने कहा भैया हम तो रोज इसी पुल से जाते हैं। टोल भी हम ही देंगे। लेकिन नाम पूछो तो किसी नेता का हमारा नाम तो कहीं नहीं है।
एक छात्र ने कहा हमारे गांव में पुल गिरा था तब कोई नेता नहीं आया था। अब नया पुल बना तो सब आ गए फोटो खिंचवाने।
एक बुजुर्ग ने कहा पहले पुल बनते थे तो गांव के लोगों के नाम पर बनते थे, शहीदों के नाम पर बनते थे। अब तो बस कुर्सी वालों के नाम पर बनते हैं।
अब तो इस पुल पर टोल भी लगने जा रहा है। कार से लेकर भारी वाहनों तक के लिए 1.25 रुपये से 8.10 रुपये प्रति किलोमीटर तक की दरें तय की गई हैं।
यानी पैसा जनता देगी, सफर जनता करेगी, परेशानी जनता उठाएगी, लेकिन नाम होगा नेता का।लोग पूछ रहे हैं अगर टोल जनता दे रही है तो नाम जनता का क्यों नहीं।यह सिर्फ एक पुल की कहानी नहीं है यह कहानी सिर्फ नीतीश सेतु की नहीं है। यह कहानी बिहार की पूरी राजनीति की है।
आज हर नेता चाहता है कि उसके नाम पर कुछ हो जाए। कोई सड़क, कोई पुल, कोई योजना, कोई भवन ताकि आने वाली पीढ़ियां उसे याद रखें।लेकिन लोग अब समझदार हो गए हैं। लोग अब नाम से नहीं काम से पहचानते हैं।लोग कहते हैं नाम पत्थर पर लिखने से कोई महान नहीं हो जाता। महान वो होता है जिसके काम पत्थर से ज्यादा मजबूत हों।
आखिर में एक सवाल
बिहार की जनता का सवाल आज भी वही है जिसके शासनकाल में पुल गिरने का रिकॉर्ड बना उसी के नाम से पुल का उद्घाटन करना और नामकरण करना क्या सही है।क्या यह जनता का सम्मान है या जनता के साथ मजाक है।क्या यह विकास की पहचान है या झूठी क्रेडिट लेने की उतावली है।इन सवालों का जवाब शायद किसी नेता के पास नहीं है। जवाब तो सिर्फ बिहार की जनता के पास है और जनता अब सब देख रही हैं सब समझ रही है और सब याद रख रही है।

