शाम 5 बजे से निःशुल्क सांध्यकालीन कक्षाओं का हुआ संचालन : शिक्षा मंत्री ।। 2.वैश्विक बिहारी समुदाय से अपने पुराने सरकारी विद्यालयों के विकास में सहयोग की अपील करेगा शिक्षा विभाग।। 3. 25 तक विद्यालयों में कायाकल्प का काम पूरा करने का रखें लक्ष्य : अपर सचिव
न्यूज डेस्क
पटना/ राजधानी समेत राज्य के सभी 38 जिला मुख्यालयों में मंगलवार से सांध्यकालीन कक्षाओं का संचालन शुरू हो गया। इन्हें ‘संकल्प संध्या’ नाम दिया गया है। शिक्षा मंत्री श्री मिथिलेश तिवारी की पहल पर यह विशेष व्यवस्था शुरू की गई है। इसका उद्देश्य कमजोर छात्र-छात्राओं का होमवर्क पूरा कराना और उनकी पढ़ाई मजबूत करना है। कक्षाओं के संचालन की जिम्मेदारी डीईओ को सौंपी गई है।
राजधानी के तीन केंद्रों दरियापुर गोला स्थित पटना कॉलेजिएट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गोलघर स्थित बांकीपुर बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और दानापुर स्थित बलदेवा उच्च विद्यालय में मंगलवार की शाम इसकी विधिवत शुरुआत की गई। पटना कॉलेजिएट में आरडीडीई श्री अमित कुमार और डीईओ श्रीमती सरस्वती कुमारी के अलावा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। पहले ही दिन इन कक्षाओं में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
नालंदा में बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के एसडीपी श्री नवदीप शुक्ला, बक्सर में माध्यमिक शिक्षा निदेशक श्री नितिन कुमार सिंह, वैशाली में टेक्स्ट बुक के एमडी श्री यतेंद्र कुमार पाल और भोजपुर में प्राथमिक शिक्षा निदेशक श्री कुमार निशांत विवेक ने कक्षाओं का उद्घाटन किया।
इस योजना का लाभ सरकारी स्कूलों में कक्षा 9वीं, 10वीं, 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को मिलेगा।
संकल्प संध्या का संचालन अगले वर्ष 31 मार्च तक किया जाएगा। इनका समय शाम 5 बजे से 7:30 बजे तक किया गया है। विद्यार्थियों को यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क मिलेगी।एआई सहित पांच विषयों की पढ़ाई पर रहेगा जोर रेमेडियल कक्षाओं में अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, कंप्यूटर साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की पढ़ाई पर विशेष जोर रहेगा। इसके लिए सरकारी स्कूलों में उपलब्ध स्मार्ट बोर्ड और अन्य डिजिटल संसाधनों का उपयोग किया जाएगा।
2.वैश्विक बिहारी समुदाय से अपने पुराने सरकारी विद्यालयों के विकास में सहयोग की अपील करेगा शिक्षा विभाग
पटना/शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी की पहल पर शुरू किए गए मेरा विद्यालय-मेरा स्वाभिमान अभियान में तेजी लाई जाएगी। इसको लेकर मंगलवार को अपर मुख्य सचिव श्री सीके अनिल ने आभासी बैठक की। उन्होंने सभी जिलों के डीईओ को जरूरी निर्देश दिए।
अपर मुख्य सचिव ने कहा कि सभी डीईओ अपने जिले के ऐसे पूर्ववर्ती विद्यार्थियों की सूची तैयार करें, जो आज देश-विदेश में अच्छे पदों पर कार्यरत हैं। शिक्षा विभाग की ओर से वैश्विक बिहारी समुदाय (बिहारी डायस्पोरा) को पत्र लिखा जाएगा। संपर्क कर उनसे अपने पुराने सरकारी विद्यालय के विकास में सहयोग करने की भावनात्मक अपील की जाएगी।
उन्होंने कहा कि बिहार के हर जिले के लोग देश के दूसरे राज्यों और विदेशों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इनमें कई लोग महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत हैं। वे अपने पुराने विद्यालय को गोद लेकर उसके विकास में योगदान दे सकते हैं। जिस विद्यालय से उन्होंने शिक्षा की पहली सीढ़ी चढ़ी, उसके विकास में सहयोग करना अपनी माटी का कर्ज चुकाने जैसा होगा।
मालूम हो, शिक्षा मंत्री श्री मिथिलेश तिवारी समीक्षा बैठकों में इस अभियान को लेकर अपना संकल्प दोहरा चुके हैं। उन्होंने सरकारी विद्यालयों के पूर्ववर्ती विद्यार्थियों, खासकर एनआरआई से अपने पुराने विद्यालय से जुड़ने की अपील की है।
इस अभियान के तहत पूर्ववर्ती विद्यार्थी अपने पढ़े हुए सरकारी विद्यालय को गोद ले सकते हैं। वे विद्यालय के शैक्षणिक और आधारभूत विकास में सहयोग कर सकते हैं। इसके अलावा समय निकालकर विद्यार्थियों को शैक्षणिक मार्गदर्शन दे सकते हैं।
3.25 तक विद्यालयों में कायाकल्प का काम पूरा करने का रखें लक्ष्य : अपर सचिव
पटना/ शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री सीके अनिल ने राज्य के विद्यालयों में चल रहे कायाकल्प अभियान को 25 नवम्बर तक पूरा करने का लक्ष्य दिया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रंग-रोगन और मरम्मत का काम तय समय पर पूरा करें। काम की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि किसी जिले को काम पूरा करने में सहयोग की जरूरत है तो इसकी जानकारी दें। विभाग हरसंभव सहयोग करेगा। लेकिन तय समयसीमा का पालन करना होगा।
अपर मुख्य सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री शीघ्र ही जिलों का दौरा करेंगे। उनके दौरे से पहले विद्यालयों में कायाकल्प का काम पूरा हो जाना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को 31 मार्च तक की कार्ययोजना तैयार करने का भी निर्देश दिया। एसीएस ने कहा कि तय लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी सक्रियता से काम में जुट जाएं।

