बड़ी खबरेबिहारराजनीतिक

छठ महापर्व पर डॉ. प्रेम कुमार के सरकारी आवास पर खरना प्रसाद का आयोजन, राज्यपाल, मुख्यमंत्री सहित कई गणमान्य अतिथियों ने की शिरकत

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

न्यूज डेस्क 

पटना/बिहार विधान सभा के  अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार द्वारा छठ महापर्व के पावन अवसर पर अपने सरकारी आवास, 03 सर्कुलर रोड, पटना में खरना प्रसाद  आमंत्रण दिया गया। इस अवसर पर बिहार के  राज्यपाल  सय्यद अता हसनैन,  मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विधान परिषद के माननीय सभापति डॉ० राम वचन राय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, सांसद रविशंकर प्रसाद,  सांसद भीम सिंह चन्द्रवंशी,पूर्व सांसद चंदेश्वर प्रसाद चन्द्रवंशी,मंत्री रामकृपाल यादव, संजय सिंह एवं निशांत कुमार, महापौर सीता साहू, विधायक ऋतुराज सिन्हा एवं अनंत सिंह तथा जिला परिषद अध्यक्ष स्तुति गुप्ता सहित अनेक गणमान्य अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों का आगमन हुआ।

इस अवसर पर डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि यह हर्ष और गर्व का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी छठ महापर्व की पवित्रता और महत्ता को सम्मान देते हुए देशवासियों एवं व्रतियों को शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में छठ महापर्व की गौरवशाली परंपरा को वैश्विक पहचान मिल रही है। यूनेस्को की सूची में इसके नामांकन की पहल तथा ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान से स्थानीय कारीगरों, कुम्हारों और बांस शिल्पकारों को प्रोत्साहन एवं सम्मान मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि छठ महापर्व हमें प्रकृति संरक्षण, स्वच्छता, सामाजिक समरसता और लोक आस्था का संदेश देता है। सभी श्रद्धालु घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखें तथा आपसी सहयोग और भक्तिभाव के साथ इस महापर्व को संपन्न करें। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार,जिला प्रशासन एवं विभिन्न स्वयंसेवी,धार्मिक संगठनों द्वारा भी छठ महापर्व पर विशेष सहयोग दिया गया है जिसकी प्रशंसा करता हूं।

डॉ. कुमार ने छठी मइया एवं भगवान भास्कर से सभी व्रतियों के कठिन तप की सफल पूर्णता तथा प्रदेशवासियों के सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कामना की कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में गयाजी सहित पूरा बिहार विकास और समृद्धि के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहे।