बलिराजगढ़ ASI मामला शव मिलने पर पुलिस के बयान पर हत्या का केस दर्ज शव DMCH भेजा गया
न्यूज डेस्क
मधुबनी/बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ परिसर से बरामद फरार एएसआई चंद्रमोहन सिंह के क्षत-विक्षत शव मिलने के मामले में पुलिस के बयान पर हत्या का केस दर्ज किया गया है। एसएसपी योगेंद्र कुमार ने कहा कि मामले में हत्या का केस दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
कोर्ट का आदेश मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम
बलिराजगढ़ परिसर से सड़ा-गला और क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया था। शव के पास से बरामद आधिकारिक दस्तावेज, रिवॉल्वर और कारतूस के आधार पर इसे एएसआई चंद्रमोहन सिंह का शव होने का दावा किया गया है।
इससे पहले मधुबनी न्यायालय ने आदेश जारी कर मेडिकल बोर्ड की निगरानी में वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराने को कहा था। बाबूबरही थानाध्यक्ष राहुल कुमार की ओर से दाखिल अर्जी पर सुनवाई के प्रभारी मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) प्रमोद कुमार महतो की अदालत ने पोस्टमार्टम के लिए शव डीएमसीएच भेजने का आदेश दिया।ग्रामीणों पर फायरिंग करने में एएसआई पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज थी।
डीआईजी व एसएसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
मामले की जांच के लिए डीआईजी मनोज कुमार तिवारी बलिराजगढ़ पहुंचे और घटनास्थल तथा बरामद शव का बारीकी से जायजा लिया। डीआईजी मनोज कुमार तिवारी और एसएसपी योगेंद्र कुमार के संयुक्त निर्देश के बाद बाबूबरही थानाध्यक्ष राहुल कुमार मधुबनी सीजेएम कोर्ट पहुंचे। उन्होंने शव को उच्चस्तरीय पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा भेजने की लिखित अर्जी दाखिल की।
न्यायालय को अवगत कराया कि बरामद शव अत्यधिक सड़ा-गला है तथा आंख, बाल, सिर और गले का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त है। ऐसी स्थिति में मृत्यु के सटीक कारणों और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आकलन के लिए शव को डीएमसीएच भेजना आवश्यक है।
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
दरभंगा प्रक्षेत्र के डीआईजी मनोज कुमार तिवारी ने घटनास्थल का दौरा किया। उनके साथ एसएसपी योगेंद्र कुमार भी पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने करीब आधे घंटे तक मौके पर मौजूद अन्य अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली।
सदर डीएसपी-टू कामिनी कौशल समेत अन्य वरीय अधिकारी FSL टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे थे। FSL टीम से जुड़े पुलिस अधिकारियों ने डीआईजी को शव के पास से मिले मोबाइल, आधार कार्ड, बैंक की चेकबुक और सर्विस रिवॉल्वर सहित अन्य सामान के आधार पर उसकी पहचान फरार एएसआई चंद्रमोहन सिंह के रूप में होने की जानकारी दी। FSL टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए।
सीबीआई व डीएनए जांच की मांग तेज
बलिराजगढ़ गोलीकांड में फरार एएसआई चंद्रमोहन सिंह का शव मिलने के बाद मामले की निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है। स्थानीय लोगों के बीच घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। लोगों ने पूरे मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है। वहीं, शव की पहचान और मौत की परिस्थितियों को स्पष्ट करने के लिए डीएनए जांच कराने की भी मांग उठाई गई है।
लोगों का कहना है कि गोलीकांड से लेकर एएसआई के फरार होने और बाद में उनका शव मिलने तक कई ऐसे पहलू हैं, जिनका स्पष्ट होना जरूरी है।
एसएसपी का बयान एएसआई का शव मिलने के मामले में पुलिस के बयान पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है। हर स्तर पर सभी वैज्ञानिक जांच की जा रही है। इसके बाद सही कारणों का पता चल सकेगा। वहीं, मेडिकल बोर्ड की निगरानी में वीडियोग्राफी के साथ डीएमसीएच में पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

