मधुबनी में पुलिस SI पर गंभीर आरोप सर्विस पिस्टल से चार राउंड फायरिंग एक व्यक्ति की मौत तीन घायल
रिपोर्ट:सुरेंद्र कुमार सिंह
मधुबन/बाबूबरही थाना क्षेत्र अंतर्गत बलिराजगढ़ में देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसने पुलिस महकमे को हिलाकर रख दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर (SI) को रात के समय एक महिला के घर पर स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। आरोप है कि SI का उक्त महिला के साथ अवैध संबंध था, जिसको लेकर ग्रामीणों में पहले से आक्रोश था।
बताया जा रहा है कि भीड़ द्वारा पकड़े जाने और घेराबंदी के बाद SI ने अपने बचाव में अपनी सर्विस पिस्टल निकाल ली और ताबड़तोड़ चार राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही 112 की टीम और बाबूबरही थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। सभी घायलों को आनन-फानन में सदर अस्पताल, मधुबनी ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान अशोक यादव (35) नामक व्यक्ति की मौत हो गई। अन्य तीन घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इस मामले पर मधुबनी के SSP योगेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी SI मौके से फरार है, उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना के बाद पूरे बलिराजगढ़ इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने पर जुटे हैं। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।

