बिहार विधान सभा के सभागार में आयोजित हुआ बिहार गौरव सम्मान विभिन्न क्षेत्रों की विभूतियाँ सम्मानित
न्यूज डेस्क
बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती के अवसर पर डॉ. श्रीकृष्ण सिंह फाउंडेशन की ओर से आज बिहार विधान सभा के सभागार में भव्य ‘बिहार गौरव सम्मान’ समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों, चिकित्सकों, युवाओं और विद्यार्थियों ने भाग लिया।
समारोह में बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ० प्रेम कुमार, बिहार सरकार के कृषि मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा, योजना आयोग के उपाध्यक्ष श्री देवेश कुमार तथा बिहार सरकार के मंत्री श्री रामकृपाल यादव सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर माननीय अध्यक्ष डॉ० प्रेम कुमार ने कहा कि आधुनिक बिहार के शिल्पकार एवं राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व से प्रदेश के विकास को नई दिशा दी। जमींदारी उन्मूलन, औद्योगीकरण, शिक्षा और सामाजिक सुधार में उनका योगदान मील का पत्थर है। उनका जीवन हमें सिखाता है कि राजनीति सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का संकल्प है। उनके आदर्शों को आत्मसात कर हमें बिहार के समावेशी विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करना चाहिए।
इस अवसर पर समाज के विभिन्न वर्गों और क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को ‘बिहार गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह का उद्देश्य बिहार की प्रतिभाओं, समाजसेवियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को पहचान दिलाना और उनके कार्यों को प्रोत्साहित करना था।
डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती पर आयोजित यह कार्यक्रम उनके ऐतिहासिक योगदान, बिहार के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता तथा सामाजिक समरसता की भावना को स्मरण करने का अवसर बना। समारोह में उपस्थित सभी वक्ताओं ने डॉ. श्रीकृष्ण सिंह को श्रद्धापूर्वक याद किया और बिहार के विकास में उनके महत्वपूर्ण योगदान के बारे में उपस्थित लोगों को जानकारी दी।
इस अवसर पर अनुराग इंग्लिश क्लासेज (Anurag English Classes), आरा से बड़ी संख्या में विद्यार्थी भी समारोह में शामिल हुए। विद्यार्थियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम में विशेष उत्साह और ऊर्जा का संचार किया। वक्ताओं ने युवाओं को बिहार की गौरवशाली विरासत से प्रेरणा लेकर शिक्षा, सेवा और विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम ने बिहार की विविध सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यावसायिक प्रतिभाओं को एक मंच पर लाने के साथ-साथ राज्य की गौरवशाली विरासत और विकास की संभावनाओं को रेखांकित किया। समारोह में वक्ताओं ने कहा कि बिहार के विकास और सामाजिक उत्थान के लिए सामूहिक प्रयासों को और मजबूत करने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में डॉ. श्रीकृष्ण सिंह फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. सहजानंद सिंह, पद्मश्री डॉ. शांति राय, फाउंडेशन के सचिव श्री शिवाजी चौधरी, मगध कैंसर सेंटर के निदेशक डॉ. रिदु शर्मा, डॉ. निहारिका रॉय तथा डॉ. मृत्युंजय, निदेशक, गृहाम हेल्थकेयर सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों ने भाग लिया।

