आइए इस दशहरा पर हम संकल्प लें बुराई को हराएंगे, अच्छाई को अपनाएंगे शुभ विजयादशमी : राम दुलार यादव.प्रधान संपादक
देशभर में इस वर्ष विजयादशमी का पावन पर्व मंगलवार, 20 अक्टूबर 2026 को मनाया जाएगा। दशमी तिथि 20 अक्टूबर दोपहर 12:50 बजे से शुरू होकर 21 अक्टूबर दोपहर 2:11 बजे तक रहेगी। विजय मुहूर्त दोपहर 1:59 से 2:45 बजे तक रहेगा और इसी शुभ मुहूर्त में शस्त्र पूजन, शमी पूजन और रावण दहन की परंपरा निभाई जाएगी।
दशहरा केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि एक विचार है। यह याद दिलाता है कि अहंकार कितना भी बड़ा क्यों न हो, सत्य के सामने उसे झुकना ही पड़ता है। भगवान श्रीराम ने रावण का वध कर यह सिखाया कि मर्यादा, धैर्य और धर्म ही मनुष्य की सबसे बड़ी शक्ति है। वहीं मां दुर्गा ने महिषासुर का वध कर नारी शक्ति के स्वरूप को स्थापित किया।
आज का रावण दस सिर वाला नहीं है। आज का रावण हमारे भीतर है । झूठ, नफरत, भ्रष्टाचार, नशा, हिंसा, और सोशल मीडिया पर फैलती फेक न्यूज के रूप में।
हमें हर साल पुतला जलाने के साथ-साथ अपने भीतर के इन रावणों को भी जलाना होगा। तभी विजयादशमी का सही अर्थ सार्थक होगा।
हमारे समाज को आज राम जैसे चरित्र और दुर्गा जैसी शक्ति दोनों की जरूरत है। युवा शक्ति को नशे से दूर रहकर शिक्षा और रोजगार की ओर बढ़ना होगा, तभी हम एक सशक्त भारत का निर्माण कर पाएंगे।

