पापा के बुलावे से बढ़कर कोई आदेश नहीं रोहिणी आचार्य बोली जल्द आ रही हूं अपने पापा के पास लालू परिवार में सुलह के संकेत
न्यूज डेस्क
पटना/राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट कर सबका ध्यान खींच लिया है। रोहिणी ने फेसबुक और X पर पापा लालू यादव के साथ दो तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा—
मेरे लिए मेरे पापा उनकी खुशी और उनके आशीर्वाद से बढ़कर कुछ भी नहीं। उनके बुलावे से बढ़कर कोई आदेश नहीं इसलिए जल्द ही आ रही हूँ, अपने पापा के पास, एक बेटी होने का फर्ज निभाने।
बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों के बाद नवंबर 2025 में रोहिणी आचार्य ने राजनीति छोड़ने और परिवार से नाता तोड़ने का ऐलान किया था। तब उन्होंने अपने पोस्ट में तेजस्वी यादव के करीबी संजय यादव और रमीज पर गंभीर आरोप लगाए थे और कहा था कि इन्हीं की वजह से उन्हें अपमान झेलना पड़ा था।
2022 में पिता लालू यादव को अपनी एक किडनी दान देकर रोहिणी चर्चा में आई थीं और 2024 में सारण लोकसभा सीट से RJD के टिकट पर चुनाव भी लड़ा था।
लंबे समय से सिंगापुर में रह रही रोहिणी अब पिता के बुलावे पर बिहार लौटने की बात कह रही हैं। इसे लालू परिवार में चल रही दूरियों के खत्म होने के शुभ संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

