पीएम आवास योजना के लाभुकों को मिला स्वीकृति पत्र और घर की चाबी
अजय कुमार ठाकुर
मधुबनी/प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत रहिका प्रखंड क्षेत्र के लाभुकों के लिए राहत और खुशी का अवसर रहा। प्रखंड विकास पदाधिकारी आशुतोष कुमार के द्वारा चयनित लाभुकों को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृति पत्र एवं नवनिर्मित आवास की चाबी प्रदान की गई। इस दौरान लाभुकों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली।
कार्यक्रम के दौरान बीडीओ आशुतोष कुमार ने लाभुकों को आवास योजना का लाभ सही तरीके से उठाने और सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें सुरक्षित और बेहतर आवास मिल सके।
बीडीओ ने लाभुकों से अपील की कि आवास निर्माण से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या होने पर प्रखंड कार्यालय से संपर्क करें। उन्होंने यह भी कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
स्वीकृति पत्र और घर की चाबी मिलने के बाद लाभुकों ने सरकार एवं प्रखंड प्रशासन के प्रति आभार जताया। लाभुकों का कहना था कि पक्का मकान मिलने से अब परिवार को बारिश, ठंड और अन्य मौसम में काफी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान प्रखंड कर्मियों सहित संबंधित अधिकारी और लाभुक मौजूद रहे। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर मिलने से जरूरतमंद परिवारों में उत्साह का माहौल बना रहा।

