ग्रामीण विकास को मिलेगी नई उड़ान, आधार स्तंभ की भूमिका निभाएंगे आरडीओः मंत्री।। 2. बिहार शिक्षा सेवा के नवनियुक्त अधिकारियों को शिक्षा मंत्री ने बांटे नियुक्ति पत्र ।। 3. सहकारिता के क्षेत्र में हो रहे उल्लेखनीय कार्यों की सराहना : नई दिल्ली में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रामकृपाल यादव को दिया हरसंभव सहायता का आश्वासन
न्यूज डेस्क
पटना /ग्रामीण विकास विभाग और सूचना एवं जनसम्पर्क मंत्री श्री श्रवण कुमार ने कहा कि ग्रामीण विकास को नई उड़ान मिलेगी। ग्रामीण विकास विभाग में तैनात ग्रामीण विकास पदाधिकारी (आरडीओ) ग्रामीण क्षेत्रों की आधाररभूत संरचना का निर्माण, कल्याणकारी योजनाओं को तैयार करने, आपदा प्रबंधन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने जैसी महती जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा एवं तन्मयता के साथ निभा रहे हैं। रोजगार और विकास की परिकल्पना साथ-साथ साकार हो रही है। विकसित बिहार और विकसित भारत में युवाओं की भूमिका बेहद अहम है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी।
मंत्री श्री कुमार गुरुवार को बिहार लोक सेवा आयोग की 70वीं संयुक्त परीक्षा में उत्तीर्ण नव चयनित 359 ग्रामीण विकास पदाधिकारियों को नियुक्ति-पत्र वितरण के मौके पर कही। उन्होंने कहा कि आज का दिन ग्रामीण विकास विभाग के लिए अत्यंत गौरव का है। बिहार में पूर्व में 960 ग्रामीण विकास पदाधिकारियों की नियुक्ति हो चुकी है। मंत्री ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण सेवा में आकर विकास की जिम्मेवारी संभालते हुए ये पदाधिकारी विकास की मिसाल कायम करेंगे।
मंत्री ने कहा कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद श्री नीतीश कुमार ने 2025 के बिहार विधान सभा चुनाव में आगामी पांच वर्ष के दौरान बिहार के प्रतिभावान युवाओं को 1 करोड़ नौकरी एवं रोजगार देने का वादा किया था। उनके इसी वादों के अनुरूप ग्रामीण विकास विभाग में कुछ दिन पहले भी जीविका के विभिन्न पदों पर चयनित 2 हजार 446 सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र का वितरण किया था।
उन्होंने कहा कि वर्तमान मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी की सरकार श्री नीतीश कुमार के संकल्प को पूर्ण करने का काम कर रही है। मंत्री श्री कुमार ने बताया कि ग्रामीण विकास विभाग और अन्य विभागों की संचालित लोक कल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में प्रखंड कार्यालय की महत्वपूर्ण भूमिका है। ग्रामीण विकास विभाग ने प्रत्येक प्रखंडों में एक प्रखंड विकास पदाधिकारी का पद सृजित किया है। वैसे प्रखंड जहां 15 से अधिक पंचायत हैं वहां प्रखंड प्रशासन को मजबूती देने के लिए एक ग्रामीण विकास पदाधिकारी का पद भी सृजित किया गया है।
ग्रामीण विकास मंत्री ने बताया कि ग्रामीण विकास सेवा संवर्ग का गठन बिहार ग्रामीण विकास सेवा संवर्ग नियमावली-2010 के तहत किया गया है। इसी क्रम में 70वीं एकीकृत प्रतियोगिता परीक्षा के आधार पर कुल 390 अभ्यर्थियों की अनुशंसा बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा ग्रामीण विकास पदाधिकारी के पद पर की गई थी। इन अभ्यर्थियों का बायो-मैट्रिक एवं प्रमाण पत्रों का सत्यापन अलग-अलग तिथियों पर बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड) की ओर से किया गया। इस सेवा में प्रथम नियुक्ति स्तर ग्रामीण विकास पदाधिकारी (लेवल-7) का पद है, जिनका पदस्थापन प्रखंडों, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण में सहायक परियोजना पदाधिकारी और जीविका के तहत कार्यान्वित जीविका निधि में सहायक प्रशासी पदाधिकारी के पद पर किया जाता है।
2. बिहार शिक्षा सेवा के नवनियुक्त अधिकारियों को शिक्षा मंत्री ने बांटे नियुक्ति पत्र
पटना /बिहार शिक्षा सेवा के 48 नवनियुक्त अधिकारियों को शिक्षा मंत्री श्री मिथिलेश तिवारी ने गुरुवार को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। स्थानीय बापू सभागार में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में श्री तिवारी ने सभी नवनियुक्त अधिकारियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
शिक्षा मंत्री ने नवनियुक्त अधिकारियों से पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा जनसेवा को अपना लक्ष्य बनाने की नसीहत दी।
उन्होंने कहा कि शिक्षित और सक्षम समाज के निर्माण में शिक्षा विभाग की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने में योगदान देना चाहिए। सभी अधिकारी बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में अंतिम रूप से चयनित हुए हैं।
3. सहकारिता के क्षेत्र में हो रहे उल्लेखनीय कार्यों की सराहना : नई दिल्ली में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रामकृपाल यादव को दिया हरसंभव सहायता का आश्वासन
बिहार सरकार के माननीय सहकारिता मंत्री श्री राम कृपाल यादव जी ने आज संसद भवन, नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री माननीय श्री अमित शाह जी से मुलाकात कर बिहार के सहकारिता क्षेत्र की प्रगति, उपलब्धियों एवं महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
मुलाकात के दौरान बिहार में सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने और किसानों को अधिक लाभ पहुंचाने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी गई। इसमें सकरी, मधुबनी में सहकारी चीनी मिल की स्थापना, बिहार राज्य सहकारिता नीति-2026, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के क्रियान्वयन, सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन को बढ़ावा देने, विश्व की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना तथा अंतरराज्यीय सहकारी समितियों की सदस्यता जैसी प्रमुख पहल शामिल हैं।
माननीय मंत्री जी ने बिहार में सहकारी समितियों के कंप्यूटरीकरण, पैक्स को बहुउद्देशीय सेवा केंद्र के रूप में विकसित करने, ‘सहकारिता में सहकार’ के तहत बैंकिंग सेवाओं के विस्तार, पैक्स एवं सहकारी पदाधिकारियों के प्रशिक्षण तथा सहकारी उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की दिशा में किए जा रहे कार्यों से भी अवगत कराया।
मंत्री ने बिहार में सहकारिता क्षेत्र को और गति देने के लिए पैक्स के कंप्यूटरीकरण, बहुउद्देशीय सेवा केंद्रों के विकास, किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य के भुगतान में तेजी तथा राज्य खाद्य निगम (SFC) को समय पर राशि उपलब्ध कराने से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दे केंद्रीय मंत्री जी के समक्ष रखे।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी ने बिहार में सहकारिता क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन का आश्वासन दिया।
बैठक में बिहार के विकास एवं समसामयिक राजनीतिक विषयों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।

