कस्तूरबा विद्यालय में नाश्ता करने के बाद पांच छात्राओं की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्त
अजय कुमार ठाकुर
मधुबनी/रहिका प्रखंड के रहिका स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका मध्य विद्यालय में शुक्रवार को नाश्ता करने के बाद पांच छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई। छात्राओं की स्थिति नाजुक होने पर स्कूल प्रबंधन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सभी पांच छात्राओं को रहिका प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) लाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज शुरू किया गया।
बताया जा रहा है कि विद्यालय में नाश्ता करने के कुछ समय बाद छात्राओं को अचानक तबीयत खराब होने की शिकायत होने लगी। कुछ छात्राओं को चक्कर, कमजोरी और बेचैनी की समस्या महसूस हुई। देखते ही देखते पांच छात्राओं की हालत बिगड़ने लगी। इसके बाद विद्यालय के इंचार्ज ने बिना देर किए सभी छात्राओं को अस्पताल पहुंचाया और भर्ती कराया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य केंद्र में भी चिकित्सकीय टीम ने छात्राओं की जांच शुरू की। फिलहाल छात्राओं की हालत को लेकर चिकित्सकों की निगरानी में इलाज चल रहा है। घटना के बाद विद्यालय में पढ़ने वाली अन्य छात्राओं और उनके अभिभावकों में भी चिंता का माहौल है।
हालांकि, छात्राओं की तबीयत किस कारण से बिगड़ी, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। नाश्ता खाने के बाद तबीयत खराब होने के कारण भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की जांच और छात्राओं की चिकित्सकीय रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि तबीयत बिगड़ने की वास्तविक वजह क्या थी।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग के स्तर से मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। अभिभावक भी अस्पताल पहुंचकर अपनी बच्चियों का हाल जान रहे हैं। फिलहाल सभी पांच छात्राओं का इलाज रहिका प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है। हालांकि पर प्रशासन ने जांच की बात कही है।

