बड़ी खबरेबिहारसंस्कृतिसाहित्यस्वास्थ्य

SSB ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 पर इको पार्क में भव्य आयोजन

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

न्यूज डेस्क 

पटना/अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सशस्त्र सीमा बल (SSB) सीमांत मुख्यालय, पटना एवं 40वीं वाहिनी, पटना के संयुक्त तत्वावधान में राजधानी वाटिका (इको पार्क), पटना में एक भव्य एवं अनुशासित योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में अधिकारियों, जवानों, उनके परिजनों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस वर्ष की अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 6:30 बजे सूर्य नमस्कार के साथ किया गया। प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान सत्रों का अभ्यास किया। योगाभ्यास के दौरान उपस्थित लोगों ने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए योग के महत्व को समझा तथा नियमित रूप से योग करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर निशीत कुमार उज्ज्वल, महानिरीक्षक, सीमांत मुख्यालय पटना ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का साधन नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का भी महत्वपूर्ण स्रोत है। उन्होंने कहा कि सशस्त्र बलों के जवानों के लिए योग अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि यह उन्हें शारीरिक रूप से सुदृढ़ और मानसिक रूप से संतुलित बनाए रखने में सहायता करता है। उन्होंने सभी जवानों एवं नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान SSB जवानों ने योग से संबंधित विशेष प्रदर्शन भी प्रस्तुत किए, जिसमें उनके अनुशासन, दक्षता और समर्पण की झलक देखने को मिली। उपस्थित लोगों ने जवानों के प्रदर्शन की सराहना की और योग के प्रति अपनी रुचि व्यक्त की।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को नियमित योगाभ्यास करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के इस आयोजन ने स्वास्थ्य, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता का संदेश देते हुए समाज में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने का कार्य किया।