अग्निशमन सेवा के पदाधिकारियों द्वारा बिहार विधान सभा सचिवालय के मुख्य भवन, उप भवन एवं विस्तारित भवन में अग्नि सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु मॉक ड्रिल का आयोजन
न्यूज डेस्क
पटना/अग्निशमन सेवा के पदाधिकारियों द्वारा बिहार विधान सभा सचिवालय के मुख्य भवन, उप भवन एवं विस्तारित भवन में अग्नि सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया । इस दौरान अग्निशमन सेवा के अधिकारियों द्वारा अग्नि सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गयी। आग लगने की स्थिति में त्वरित व सुरक्षित बचाव के उपायों को लेकर मॉक ड्रिल के माध्यम से आग लगने के कारण, उससे बचाव के तरीकों तथा प्रारंभिक अग्निशमन उपकरणों के उपयोग की जानकारी दी गयी तथा विभिन्न अग्निशामक उपकरणों का प्रदर्शन किया गया।
बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ० प्रेम कुमार ने मॉक ड्रिल का मुआयना किया तथा अग्निशमन सेवा के पदाधिकारियों से कहा कि अग्नि से बचाव के लिए जन–जन तक जागरूकता का प्रसार करें। प्रचंड गर्मी के समय अग्नि जनित दुर्घटनाओं में काफी वृद्धि हो जाती है, ऐसे में जिला मुख्यालयों से लेकर पंचायतों तक अग्नि जनित आपदा से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाएं। उन्होंने मॉक ड्रिल में शामिल बिहार अग्निशमन सेवा के पदाधिकारियों को पौधा देकर सम्मानित किया।
इससे पहले अग्निशमन सेवा के पदाधिकारियों द्वारा विस्तारित भवन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में सभा सचिवालय के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए अग्नि सुरक्षा से संबंधित कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें अग्नि सुरक्षा से संबंधी विभिन्न पहलुओं जैसे – आग लगने की स्थिति में बचाव के तरीकों, विभिन्न अग्निशामक उपकरणों आदि के बारे में विस्तार से बताया गया।

