जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति एवं वितरण हो रही सामान्य : D M।। 2.जनगणना-2027 की तैयारी तेज : प्रशिक्षण कोषांग की बैठक में रणनीति पर हुआ मंथन।। 3.अनुमंडल, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर अनुश्रवण, सतर्कता एवं निगरानी समिति की नियमित रूप से बैठक करने का निर्देश
राजकुमार यादव की रिपोर्ट
मधुबनी/ विभिन्न कंपनियों यथा- आई.ओ.सी.एल., एच. पी.सी.एल. तथा बी.पी.सी.एल के कुल-103 एलपीजी गैस एजेंसी कार्यरत है। जिसमें कुल उपभोक्ताओं की संख्या-9 लाख 61 हजार 36 है। सभी कंपनियों को मिलाकर दिनांक-01.03.2026 से 18.03.2026 तक कुल-2 लाख 54 हजार 46 उपभोक्ताओं के द्वारा बुकिंग की गयी है। दिनांक-01.03.2026 से 18.03.2026 तक कुल-2 लाख 7 हजार 741 उपभोक्ताओं को एलपीजी गैस की डिलिवरी कर दी गयी है। कल दिनांक-18.03.2026 को कुल-11 हजार 151 एलपीजी गैस के लिए बुकिंग की गई है। सभी कंपनियों को मिलाकर जिले में दिनांक-18.03.2026 को गैस सिलिंडर बिक्री की कुल संख्या- 13 हजार 53 है। सभी कंपनियों को मिलाकर दिनांक-18.03.2026 को गैस सिलिंडर प्राप्ति की संख्या 13 हजार 47 है। उपभोक्ता द्वारा लगाए गए नं.की प्रतीक्षा की संख्या-52 हजार 904 है। आज कुल-43 हजार 941 स्टॉक आज उपलब्ध है। जिले के 47 गैस एजेंसियों के द्वारा होम डिलीवरी के माध्यम से एलपीजी गैस की आपूर्ति की जा रही है।
एलपीजी गैस के संबंध में गूगल लिंक, फेसबुक पेज तथा जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या-06276-222576 पर प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं का त्वरित गति से निराकरण किया जा रहा है।
कालाबाजारी एवं जमाखोरी करनेवालों पर कारवाई के लिए गठित टीम चप्पे-चप्पे पर नजर बनाए हुई है
सभी गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था की गयी है तथा महिलाओं, दिव्यांगों एवं बुर्जुगों के लिए अलग से विशेष लाईन की व्यवस्था की गयी है।
शहरी क्षेत्रों के उपभोक्ताओं के लिए 25 दिन एवं ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए 45 दिन तथा सभी उपभोक्ताओं के लिए साल में मात्र 12 गैस की ही बुकिंग करने की व्यवस्था लागू है।
सभी उपभोक्ता इसका पालन करते हुए ही बुकिंग का प्रयास करें। वर्त्तमान में सर्वर की समस्या नहीं है।
शीघ्र ही जिले के अन्य एजेंसियों के द्वारा भी होम डिलीवरी की प्रक्रिया को भी बहाल किया जायेगा।
व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को जिला द्वारा उपलब्ध कराये गए लिंक पर अपने आवश्यकतानुसार डिमांड करने का निदेश दिया गया है, ताकि वस्तुस्थिति का आकलन करते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनको व्यवसायिक गैस सिलिंडर उपलब्ध कराने हेतु अग्रेत्तर कार्रवाई की जा रही है। साथ ही जिला प्रशासन द्वारा गुगल लिंक एवं विभिन्न सोशल मीडिया यथा-फेसबुक, ट्विटर आदि से प्राप्त शिकायतों का नियमित रूप से निपटारा किया जा रहा है एवं कृत कार्रवाई को जिला प्रशासन के फेसबुक पेज पर भी अपलोड किया जा रहा है।
2.जनगणना-2027 की तैयारी तेज : प्रशिक्षण कोषांग की बैठक में रणनीति पर हुआ मंथन
मधुबनी / जिलाधिकारी सह प्रधान जनगणना पदाधिकारी आनंद शर्मा के निर्देश पर समाहरणालय सभा कक्ष में आज प्रशिक्षण प्रबंधन कोषांग की महत्वपूर्ण बैठक नगर आयुक्त उमेश कुमार भारती की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जनगणना-2027 के सफल, पारदर्शी एवं तकनीक-आधारित क्रियान्वयन हेतु प्रशिक्षण व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में कहा गया कि जनगणना जैसे व्यापक कार्य की सफलता प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर निर्भर करती है। इस दृष्टिकोण से प्रशिक्षण कोषांग को पूरी जिम्मेदारी एवं समयबद्धता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।
प्रशिक्षण कोषांग को दिए गए प्रमुख निर्देश
प्रशिक्षण प्रबंधन कोषांग के नोडल पदाधिकारी श्री उमेश कुमार भारती, नगर आयुक्त, मधुबनी को निर्देश दिया गया प्रशिक्षण स्थलों का चयन शीघ्र किया जाए।
मास्टर ट्रेनर, चार्ज अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं प्रगणकों हेतु विस्तृत प्रशिक्षण कैलेंडर तैयार किया जाए।
CMMS पोर्टल एवं मोबाइल ऐप का हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से कराया जाए।
प्रशिक्षण सामग्री हिंदी एवं मैथिली में उपलब्ध कराई जाए।
प्रशिक्षण की गुणवत्ता का नियमित मूल्यांकन एवं फीडबैक सुनिश्चित किया जाए।
डिजिटल जनगणना पर विशेष जोर
बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि जनगणना-2027 पूरी तरह डिजिटल प्रणाली पर आधारित होगी। अतः सभी संबंधित कर्मियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाना प्राथमिकता होगी।
अन्य कोषांगों को भी समीक्षा बैठक के निर्देश
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने निर्देश दिया गया है कि जनगणना-2027 के सफल संचालन हेतु गठित सभी कोषांग अपने-अपने दायित्वों की समीक्षा हेतु शीघ्र बैठक आयोजित करें।
इन कोषांगों में—
कार्मिक प्रबंधन कोषांग
सामग्री प्रबंधन कोषांग
मीडिया एवं सोशल मीडिया प्रबंधन कोषांग
अनुश्रवण कोषांग
हेल्पलाइन, शिकायत एवं समस्या समाधान कोषांग
आईटी प्रबंधन कोषांग
कार्मिक कल्याण प्रबंधन कोषांग
जनगणना प्रबंधन कोषांग
शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी कोषांग आपसी समन्वय एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करते हुए समयबद्ध एवं त्रुटिरहित जनगणना सुनिश्चित करें।
समन्वित व्यवस्था से होगा प्रभावी क्रियान्वयन
जिला प्रशासन द्वारा गठित इन सभी कोषांगों के माध्यम से जनगणना के प्रत्येक चरण—कार्मिक प्रबंधन, प्रशिक्षण, सामग्री आपूर्ति, तकनीकी सहायता, जनजागरूकता, अनुश्रवण एवं शिकायत निवारण—को व्यवस्थित रूप से संचालित किया जाएगा।
जनगणना-2027 : विकास की आधारशिला
बैठक में बताया गया कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि विकास योजनाओं, संसाधनों के वितरण एवं नीतिगत निर्णयों का आधार है।
जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को इस राष्ट्रीय दायित्व को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता
मधुबनी जिला प्रशासन जनगणना-2027 को सफल, पारदर्शी एवं तकनीक-संचालित बनाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। प्रशिक्षण कोषांग की यह बैठक इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
3.अनुमंडल, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर अनुश्रवण, सतर्कता एवं निगरानी समिति की नियमित रूप से बैठक करने का निर्देश
मधुबनी जिलाधिकारी आनंद शर्मा द्वारा वर्चुअल माध्यम से गुरुवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिला आपूर्ति टास्क फोर्स की बैठक कर विभागीय कार्यों के प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गयी। समीक्षा के क्रम में एजेंडावार सभी विषयों पर विस्तृत समीक्षा कर उपस्थित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए। खाद्यान्न वितरण की समीक्षा के क्रम में उपस्थित सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि खाद्यान्न वितरण प्रक्रिया का गंभीरतापूर्वक पूरी पारदर्शिता के साथ पर्यवेक्षण करते हुए खाद्यान्न वितरण की गति में तेजी लाएं। उन्होंने कहा कि सभी पात्र लाभुकों को पूरी पारदर्शिता एवं सहजता के साथ ससमय खाद्यान्न उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने नया राशन कार्ड निर्गत की समीक्षा के क्रम में सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को समय सीमा के अंदर निष्पादन हेतु निर्देश दिया। उन्होंने राशन दुकानों का नियमित रूप निरीक्षण करने का निर्देश देते हुए कहा कि निरीक्षण की सिर्फ खानापूर्ति से काम नहीं चलेगा, निरीक्षण के सकरात्मक परिणाम भी नजर आने चाहिए। उन्होंने कहा सभी पदाधिकारी हर हाल में निर्धारित की गई संख्या में लक्ष्य के अनुरूप राशन दुकानों का निरीक्षण करेंगे. जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वह भी अपने निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध ससमय राशन दुकानों का निरीक्षण कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने निर्देश दिया कि साप्ताहिक जांच के क्रम में पंचायतों में पहुंचकर जन वितरण दुकानों द्वारा राशन वितरण का ग्रामीणों से फीडबैक भी लें. जिलाधिकारी ने अनुमंडल, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर अनुश्रवण, सतर्कता एवं निगरानी समिति की नियमित रूप से बैठक करने के निर्देश दिए। उन्होंने माप तौल पदाधिकारी को भी निर्देश दिया कि नियमित रूप से अनुमंडल वार सत्यापन का कार्य करे,जिसकी अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा मॉनिटरिंग भी की जाएगी।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने खाद्यान्न उठाव एवं वितरण, ऑफलाइन राशन कार्ड, राशन कार्ड टाइमलाइन प्रतिवेदन (आरटीपीएस), ऑनलाइन राशन कार्ड, आधार सीडिंग से संबंधित प्रतिवेदन, प्रवासी मजदूर से संबंधित प्रतिवेदन, किए गए निरीक्षण कार्य से संबंधित प्रतिवेदन, आपूर्ति कार्यालय से संबंधित न्यायालयवाद, विभिन्न जनता दरबार से संबंधित प्रतिवेदन, सीपीग्राम/ मानवाधिकार/ लोक सूचना/ लोक शिकायत/ लोकायुक्त से संबंधित प्रतिवेदन एवं सेवांत लाभ से संबधित विषयो पर समीक्षा कर कई आवश्यक दिशानिर्देश भी दिए।जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देश दिया कि शतप्रतिशत राशन कार्डधारियों का आयुष्मान कार्ड बने,इसको लेकर पीडीएस डीलर के सहयोग से इस महीने के अंतिम सप्ताह में एक विशेष अभियान चलाए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी इस अभियान का नेतृत्व करेंगे।
उक्त बैठक मे अपर समाहर्ता आपदा संतोष कुमार,जिला आपूर्ति पदाधिकारी दीपक कुमार सहित सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी आदि समाहरणालय सभागार से जुड़े रहे वही सभी अनुमंडल पदाधिकारी वर्चुअल माध्यम से इस बैठक में भाग लिए।

