पुलिस मुठभेड़ में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का एक सदस्य घायल
पटना /पटना-गया राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-22) पर लाला बीघा गांव के समीप पुलिस और कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े एक अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गैंग का एक सदस्य गोली लगने से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई, वहीं पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर नियंत्रण में ले लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा एक अपराधी एनएच-22 के रास्ते किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पटना पुलिस की टीम ने लाला बीघा गांव के पास वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध व्यक्ति ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली अपराधी को जा लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। जख्मी युवक की पहचान मसौढ़ी के रहने बाला परमानंद यादव बताया जाता है।
घटना की सूचना मिलते ही पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर सिटी एसपी साहित्य समेत कई थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल अपराधी को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत पुलिस निगरानी में बताई जा रही है। मौके से एक हथियार और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े कुछ सामान बरामद किए जाने की भी सूचना है।
सिटी एसपी साहित्य ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घायल व्यक्ति की पहचान और उसके आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है। प्रारंभिक जांच में उसके लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वह पटना और आसपास के इलाकों में किन-किन घटनाओं में संलिप्त रहा है और उसके अन्य साथी कहां सक्रिय हैं।

