खुटौना में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती धूमधाम से मनाई
मधुबनी/ खुटौना प्रखंड के खुटौना बाजार स्थित अंबेडकर नगर में सोमवार को संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति देखी गई। उपस्थित जनसमुदाय ने “जय भीम” के नारों के साथ बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई, जहाँ लोगों ने बारी-बारी से श्रद्धासुमन अर्पित किए। स्थानीय लोगों ने कहा कि आज का दिन हमें उस युगपुरुष की याद दिलाता है, जिन्होंने भारत को नया संविधान दिया और करोड़ों शोषितों, वंचितों एवं दलितों को न्याय, समानता और अधिकार का मार्ग दिखाया।
मौके पर मैथिली साहित्यकार पुरस्कार से सम्मानित डॉ. महेंद्र नारायण राम, डॉ. पीतांबर साह, समाजसेवी आलोक रंजन, पूर्व उपमुखिया संतोष कुमार साह, राजेश साह, नरेश पासवान, पैक्स अध्यक्ष शत्रुध्न मंडल, भाजपा नेता विजय शंकर प्रसाद, दिनेश प्रसाद गुप्ता, दीपक पटवा, बिनोद पासवान, विजय महतो समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया गया।