PM मोदी का बिहार से ऐलान 2037 से पहले विकसित बनाना है नीतीश सेतु से उत्तर-दक्षिण बिहार जुड़ा
कृष्णा कुमार
राजापाकड़/ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैशाली जिले के राजापाकड़ में आयोजित जनसभा में बिहार को समर्थ, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प दोहराया। अपने 17 मिनट के संबोधन में उन्होंने कहा कि बिहार बदल रहा है और इस बदलाव में NDA सरकार की भूमिका महत्वपूर्ण रही है।
नीतीश के भरोसे को आगे बढ़ा रहे सम्राट चौधरी
PM मोदी ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में सुशासन का भरोसा पैदा हुआ। अब उनके आशीर्वाद से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उस भरोसे को आगे बढ़ा रहे हैं।उन्होंने कहा कि सरकार की कार्यशैली ने लोकतंत्र की ताकत को जनकल्याण का माध्यम बनाया है।
नीतीश सेतु का उद्घाटन
PM मोदी ने गंगा नदी पर बने 6-लेन नीतीश सेतु का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह सेतु नीतीश कुमार की सेवा और समर्पण के प्रति बिहारवासियों के सम्मान का सबूत है।इस पुल से उत्तर और दक्षिण बिहार का आवागमन आसान होगा और किसानों के उत्पादों को बाजार तक पहुंचना सुगम होगा।
पहले अपराध अब निवेश की चर्चा
PM मोदी ने कहा कि पहले अपराध के आंकड़े गिने जाते थे, अब निवेश के आंकड़ों की चर्चा होती है। उन्होंने लालू यादव और उनके परिवार का नाम नहीं लिया लेकिन पहले की व्यवस्था पर कटाक्ष जरूर किया।
CM सम्राट चौधरी का नया टाइमलाइन – 2037 तक विकसित बिहार
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 13 मिनट के संबोधन में कहा कि 2047 नहीं, बल्कि 2037 तक बिहार को विकसित राज्य बनाया जाएगा। 1912 में बिहार प्रांत बनने के 125 साल पूरे होने पर बिहार विकसित होगा।उन्होंने उद्योगों का जाल बिछाने और बिहार में ही रोजगार सृजित करने का भरोसा दिलाया।
227 योजनाओं की सौगात
इस मौके पर PM मोदी ने 227 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन योजनाओं की कुल लागत 34,470 करोड़ रुपये से अधिक है।सभा को केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान समेत NDA के कई नेताओं ने भी संबोधित किया।

