देश - विदेशसंस्कृति

छठ – आस्था, अनुशासन और आत्मनिर्भर का संकल्प

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

प्रधान संपादक – रामदुलार यादव, बिहार हलचल

लोक आस्था के महापर्व छठ के पावन अवसर पर आज त्रिशूला नदी सहित बिहार के कोने-कोने में उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की गई।

छठ केवल व्रत नहीं है, यह जीवन पद्धति है। यह महापर्व हमें सिखाता है कि आस्था क्या है, अनुशासन क्या है, स्वच्छता क्या है, संयम क्या है और सामाजिक समरसता क्या है। चार दिनों तक चलने वाला यह कठिन व्रत, नदी, तालाब, पोखर, सूर्य और प्रकृति के प्रति हमारी कृतज्ञता का प्रतीक है। जब पूरा परिवार घाट पर एक साथ खड़ा होकर अस्ताचलगामी और उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देता है, तो वहां जात-पात, अमीर-गरीब का भेद मिट जाता है।

इस पावन अवसर पर यह संकल्प लेना जरूरी है कि भगवान भास्कर के प्रकाश से प्रेरणा लेकर हम बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएं। शिक्षा में सुधार, कृषि में उन्नति, उद्योग में निवेश, और युवाओं के लिए रोजगार – यही छठी मईया की सच्ची आराधना होगी।

छठी मईया और भगवान सूर्य की कृपा से बिहार में सुख-समृद्धि का वातावरण बने और हमारा राज्य विकसित, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर बने, यही कामना है। यह महापर्व हमें यह भी याद दिलाता है कि स्वच्छ नदियां और स्वच्छ घाट केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी की जिम्मेदारी है। नदी बचेगी तो छठ बचेगा, प्रकृति बचेगी तो भविष्य बचेगा।

बिहार हलचल परिवार की ओर से सभी छठ व्रतियों के तप, त्याग और अटूट श्रद्धा को शत-शत नमन। भगवान सूर्य एवं छठी मईया का आशीर्वाद बिहार पर सदैव बना रहे।

जय छठी मईया