भाजपा संगठन पर महिला नेत्री की फेसबुक पोस्ट से सियासी हलचल संगठन पर लगाए गंभीर आरोप
न्यूज डेस्क
उत्तर प्रदेश / कुशीनगर जिले में भाजपा संगठन को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है जिसने राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है।
फेसबुक पर पूनम जायसवाल के नाम से सामने आई पोस्ट में पार्टी संगठन पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पोस्ट में दावा किया गया है कि उन्होंने पार्टी के लिए लंबे समय तक काम किया, निजी खर्चे पर संगठन का कार्य किया और तमाम कठिनाइयों के बावजूद उन्हें संगठन में कोई दायित्व नहीं दिया गया।
वायरल पोस्ट के अनुसार पूनम जायसवाल ने अपने संघर्ष का जिक्र करते हुए लिखा है कि उन्होंने दिन-रात मेहनत की, भूखी-प्यासी रहकर काम किया। उन्होंने अपने स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों और पारिवारिक कठिनाइयों के बावजूद संगठन के लिए लगातार कार्य करने की बात कही है।पद नहीं मिलने की वजह को लेकर उन्होंने बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की है और संगठन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। पोस्ट में संगठन के कुछ पदाधिकारियों पर दबाव में काम करने और मेहनती कार्यकर्ताओं की अनदेखी करने का आरोप भी लगाया गया है। उन्होंने महिला मोर्चा में अपनी भूमिका का भी उल्लेख किया है।
पोस्ट में भाजपा संगठन को लेकर की गई एक विवादित तुलना के बाद मामला और ज्यादा तूल पकड़ गया है। सोशल मीडिया पर इस पोस्ट को लेकर समर्थकों और विरोधियों के बीच तीखी बहस छिड़ी हुई है।
अभी तक इस पूरे मामले पर भाजपा जिला संगठन या प्रदेश नेतृत्व की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यह पोस्ट वास्तव में पूनम जायसवाल ने ही लिखी है या उनके नाम से किसी और ने इसे वायरल किया है, इसकी पुष्टि भी स्वतंत्र रूप से नहीं हो सकी है।
यह खबर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही फेसबुक पोस्ट के आधार पर है। बिहार हलचल न्यूज इस पोस्ट में लगाए गए आरोपों की पुष्टि नहीं करता है। आरोप संबंधित पक्ष का व्यक्तिगत बयान है।

