Uncategorized

सरकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने तथा आम जनता से बेहतर संवाद एवं समन्वय के लिए डीएम की नई पहल

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

न्यूज डेस्क 

मधुबनी/सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों, विशेषकर समाज के अंतिम पायदान पर खड़े वंचित एवं जरूरतमंद व्यक्तियों तक पहुंचाने तथा आम नागरिकों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकासात्मक कार्यों एवं प्रशासनिक गतिविधियों की जानकारी सुलभ कराने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी श्री आनंद शर्मा द्वारा एक नई पहल की गई है। इस पहल के तहत जिला प्रशासन के विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को आम लोगों से जोड़ने के लिए क्यूआर कोड तैयार कर जारी किए गए हैं। जिला पदाधिकारी ने इन क्यूआर कोड के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं अधिकाधिक नागरिकों को जिला प्रशासन के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से जोड़ने का निर्देश दिया है।
इस संबंध में जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंड मुख्यालयों, कॉलेजों एवं विद्यालयों तक क्यूआर कोड के प्रचार-प्रसार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के अधिक से अधिक लोग आसानी से जिला प्रशासन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से जुड़ सकें। क्यूआर कोड के माध्यम से नागरिक जिला प्रशासन के आधिकारिक फेसबुक, एक्स , इंस्टाग्राम एवं यूट्यूब अकाउंट तक सीधे पहुंच सकेंगे। इससे प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं, जनहितकारी निर्णयों, विकासात्मक कार्यों तथा विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों से संबंधित सूचनाएं आम लोगों तक त्वरित एवं सहज तरीके से पहुंच सकेंगी।
बदलते समय में सोशल मीडिया सूचना के आदान-प्रदान, जनजागरूकता एवं संवाद का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनकर उभरा है। डिजिटल तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ सरकारी योजनाओं एवं प्रशासनिक गतिविधियों से संबंधित जानकारी को व्यापक स्तर पर प्रसारित करने में सोशल मीडिया की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण हो रही है। इसके माध्यम से नागरिक अपने मोबाइल फोन पर ही विभिन्न योजनाओं, पात्रता संबंधी प्रावधानों, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों, निर्धारित समय-सीमा तथा सरकारी कार्यक्रमों से जुड़ी जानकारियां प्राप्त कर सकते हैं।
जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य डिजिटल माध्यमों का प्रभावी उपयोग करते हुए प्रशासन और आम नागरिकों के बीच सूचना एवं संवाद की दूरी को कम करना है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों, दूर-दराज के इलाकों तथा समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में यह पहल उपयोगी साबित होगी। आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से जुड़ने के बाद नागरिक जिला प्रशासन द्वारा साझा की जाने वाली सूचनाओं एवं अद्यतन जानकारियों से नियमित रूप से अवगत हो सकेंगे।

योजनाओं की जानकारी से लेकर बहुपयोगी लाभ से आमजन होंगे लाभान्वित

जिला प्रशासन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म नागरिकों को केवल सूचनाएं उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से जनहित से जुड़े विषयों पर संवाद एवं प्रतिक्रिया की संभावनाएं भी बढ़ती हैं। नागरिक विभिन्न योजनाओं एवं प्रशासनिक पहलों के संबंध में अपनी प्रतिक्रिया, सुझाव तथा समस्याएं संबंधित माध्यमों पर साझा कर सकते हैं। इससे जनसमस्याओं को समझने, जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने तथा प्रशासनिक कार्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए यह आवश्यक है कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी समय पर मिले और वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उनका लाभ प्राप्त कर सकें। सोशल मीडिया के माध्यम से योजनाओं के प्रचार-प्रसार से इस दिशा में सहयोग मिल सकता है। साथ ही, प्रशासनिक गतिविधियों एवं विकासात्मक कार्यों की जानकारी सार्वजनिक रूप से सहज रूप मे आम लोगों को सुलभ हो जायेगी।

जिलाधिकारी ने जिले के सभी नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं विभिन्न सामाजिक समूहों से अपील की है कि वे जिला प्रशासन के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से जुड़ने के लिए उपलब्ध कराए गए क्यूआर कोड का उपयोग करें। साथ ही, इन क्यूआर कोड को अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाने में सहयोग करें, ताकि सरकारी योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचे तथा जानकारी के अभाव मे कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं का लाभ लेने से वंचित न रहे।