बिहार

डीएम एवं एसएसपी ने श्रद्धालुओं की सुविधा,सुरक्षा, सुगम आवागमन एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आम नागरिकों से सहयोग की अपील

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

न्यूज डेस्क 

मधुबनी /दुर्गा पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा तथा शहर में यातायात व्यवस्था के कुशल एवं सुदृढ़ प्रबंधन को लेकर यातायात पुलिस, मधुबनी द्वारा विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। इसके तहत दिनांक 18 अक्टूबर 2026 से अगले आदेश तक यातायात थाना में प्रतिनियुक्त 63 सिपाहियों को शहर के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों पर तैनात करने का आदेश निर्गत किया गया है। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, भीड़ नियंत्रण तथा जाम की समस्या से निपटने के लिए पुलिस पदाधिकारियों के नेतृत्व में नियमित गश्ती एवं निगरानी की व्यवस्था की गई है।

दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही, पूजा पंडालों के आसपास संभावित भीड़ तथा वाहनों के दबाव को देखते हुए प्रमुख चौक-चौराहों, बस स्टैंड, निर्धारित मार्गों एवं अन्य संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है। प्रतिनियुक्त पुलिस बल अपने-अपने निर्धारित स्थलों पर यातायात नियंत्रण, वाहनों के सुव्यवस्थित परिचालन तथा आम नागरिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश एवं सहयोग देने का कार्य करेंगे।

छह पदाधिकारी करेंगे सुबह और शाम गश्ती

यातायात थाना के थानाध्यक्ष एवं अपर थानाध्यक्ष की निगरानी में छह पुलिस पदाधिकारियों को प्रातःकाल एवं संध्याकाल में गश्ती करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। गश्ती दल अपने निर्धारित क्षेत्र में यातायात की स्थिति का आकलन करते हुए तैनात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी की निगरानी करेंगे। साथ ही, कहीं भी यातायात बाधित होने, वाहनों की अनावश्यक भीड़ लगने अथवा जाम की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेगे।
संपूर्ण यातायात थाना क्षेत्र में पुलिस उपाधीक्षक, यातायात द्वारा भी यातायात की स्थिति एवं नियंत्रण व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जा रही है, ताकि आवश्यकता के अनुरूप त्वरित कार्रवाई की जा सके और पूजा के दौरान आम नागरिकों को आवागमन में अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

बस स्टैंड, निर्धारित रूट एवं पार्किंग पर विशेष जोर

यातायात पुलिस द्वारा बस संचालकों एवं वाहन चालकों को निर्धारित नियमों का पालन करने का निर्देश दिया गया है। बसों का परिचालन निर्धारित मार्ग से ही किया जाएगा तथा निर्धारित टर्निंग प्वाइंट से ही वाहन मोड़ने की अनुमति होगी। सभी बसों का ठहराव निर्धारित बस स्टैंड पर ही सुनिश्चित किया जाएगा। बस स्टैंड से खुलने के बाद बसें शहर के चौक-चौराहों पर अनावश्यक रूप से नहीं रुकेंगी।
ऑटो एवं टोटो का परिचालन भी निर्धारित ऑटो स्टैंड तथा तय रूट के अनुसार किया जाएगा।
प्रातःकालीन गश्ती 7:00 बजे से 1:00 तक एवं संध्या गश्ती 5:00 बजे संध्या से दुर्गा पूजा की भीड़ समाप्ति होने तक सभी गश्ती पदाधिकारी यातायात नियंत्रण के साथ-साथ रेलवे स्टेशन से 13 नंबर गुमटी तक ऑटो रिक्शा एवं बसों को मुख्य सड़क पर पार्किंग नहीं होने देंगे। यातायात नियमों का उल्लंघन करने, अनधिकृत स्थान पर वाहन खड़ा करने अथवा आवागमन बाधित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, दुर्गा पूजा के दौरान आपातकालीन सेवाओं की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाएगी। निर्धारित समय एवं मार्गों पर लागू यातायात प्रतिबंधों का पालन कराना तथा भीड़भाड़ वाले स्थलों पर वाहनों का अनावश्यक जमाव रोकना पुलिस की प्राथमिकता होगी।

डीएम एवं एसएसपी ने आम नागरिकों से की अपील

जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, मधुबनी ने जिलेवासियों से अपील की है कि दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर शांति, सद्भाव एवं अनुशासन बनाए रखें तथा यातायात पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। श्रद्धालु पूजा पंडालों में आने-जाने के दौरान निर्धारित मार्गों का उपयोग करें और अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। वाहन चालक अनावश्यक रूप से सड़क पर वाहन रोकने, गलत दिशा में परिचालन करने तथा निर्धारित मार्गों का उल्लंघन करने से बचें।
उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधा तथा यातायात का सुचारु संचालन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें आम नागरिकों, पूजा समिति के सदस्यों, वाहन चालकों एवं बस संचालकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक डायल-112 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने सभी जिलेवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि आपसी समन्वय, सतर्कता एवं यातायात नियमों के पालन से दुर्गा पूजा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित बनाया जायगा।