खाजेडीह चौक के वैष्णवी दुर्गा मंदिर में सातवें दिन पट खुलते ही उमड़ा आस्था का सैलाब 52 वर्षों से अनवरत जारी है परंपरा
रिपोर्ट:कृष्णा कुमार
मधुबनी / लदनियां थाना क्षेत्र अंतर्गत खाजेडीह चौक स्थित प्रसिद्ध वैष्णवी दुर्गा मंदिर में शारदीय नवरात्र के सातवें दिन माता का पट खुलते ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही माता रानी के दर्शन के लिए अगल-बगल के गांवों से हजारों श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं।
52 सालों से सजा रहा है मेला
स्थानीय लोगों के अनुसार इस मंदिर में पिछले लगभग 52 वर्षों से लगातार मां दुर्गा का भव्य मेला लगता आ रहा है। इस मंदिर की स्थापना स्वर्गीय अमरीका कामत जी के द्वारा की गई थी तब से यह आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
नए सचिव के नेतृत्व में तैयारी
मंदिर कमेटी में अध्यक्ष पद पर बैजू रॉय है। लेकिन इस बार बड़ा बदलाव हुआ है। पिछले 51 वर्षों तक सचिव पद का दायित्व संभाल रहे नागेंद्र नाथ झा की जगह इस वर्ष उनके पुत्र शंभू नाथ झा को नया सचिव नियुक्त किया गया है। उनके साथ पूरी कमेटी मेला को सफल बनाने में दिन-रात जुटी हुई है।
संस्कृति और सुरक्षा का संगम
मेले में केवल पूजा-पाठ ही नहीं, बल्कि कई तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए कमेटी द्वारा पूरे मेला परिसर में जगह-जगह CCTV कैमरे लगाए गए हैं। कमेटी ने स्पष्ट कहा है कि सुरक्षा में किसी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं स्थानीय प्रशासन भी शांति व्यवस्था बनाए रखने में पूरी मुस्तैदी से लगा हुआ है।
कमेटी के सदस्यों ने सभी भक्तों से अपील की है कि शांतिपूर्ण ढंग से आएं माता रानी का दर्शन करें और मेले का आनंद लें।

