बिहार में 150 करोड़ की विदेशी फंडिंग का सनसनीखेज खुलासा पाकिस्तान-बांग्लादेश से 288 खातों में पैसा खुफिया अलर्ट के बाद IT और एजेंसियां एक्टिव
सेंट्रल डेस्क
पटना/बिहार में विदेशी फंडिंग के एक बड़े और संदिग्ध नेटवर्क का पर्दाफाश होने की खबर से हड़कंप मच गया है। सूत्रों के हवाले से आ रही जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान और बांग्लादेश से राज्य के 288 लोगों के बैंक खातों में लगभग 150 करोड़ रुपये भेजे जाने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि खुफिया इनपुट मिलने के बाद इस पूरे मामले पर आयकर विभाग और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं और ताबड़तोड़ जांच शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह रकम अलग-अलग जिलों के 288 बैंक खातों में छोटे-छोटे ट्रांजेक्शन के जरिए भेजी गई है ताकि किसी को शक न हो। एजेंसियों को शक है कि इस फंडिंग का इस्तेमाल अवैध गतिविधियों या किसी बड़े नेटवर्क को चलाने के लिए किया जा सकता है।
हालांकि इस मामले में अभी तक आयकर विभाग या किसी भी सुरक्षा एजेंसी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि यह पैसा किस मकसद से भेजा गया और इन खाताधारकों का क्या कनेक्शन है।
खुफिया एजेंसियों ने सभी संबंधित बैंक खातों को निगरानी में ले लिया है और खाताधारकों की पहचान और पृष्ठभूमि खंगाली जा रही है।

