सांसद पप्पू यादव ने 20 हजार युवाओं को रोजगार देने का किया दावा
न्यूज डेस्क
पूर्णिया/ प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की पहल के तहत रविवार को इंदिरा गांधी स्टेडियम में भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में पूर्णिया समेत अररिया, मधेपुरा, सहरसा, सुपौल और कटिहार जिले से बड़ी संख्या में युवा पहुंचे। आयोजकों के अनुसार, रोजगार मेले के माध्यम से करीब 20 हजार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया।
रोजगार मेले में युवाओं के दस्तावेजों के सत्यापन के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे। शैक्षणिक योग्यता एवं अन्य जरूरी कागजातों की जांच के बाद चयनित अभ्यर्थियों को मंच पर बुलाकर ऑफर लेटर और नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। बड़ी संख्या में युवाओं के चयन से मेले में उत्साह का माहौल रहा। युवतियों के लिए वर्क फ्रॉम होम के अवसर भी उपलब्ध कराए गए।
सांसद पप्पू यादव ने कहा कि पूर्णिया में 20 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के बाद अब पटना में करीब 25 हजार युवाओं को रोजगार देने के लिए और व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार से जोड़ना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए कंपनियों तथा रोजगार देने वाले संस्थानों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है।
रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को शैक्षणिक योग्यता के प्रमाणपत्रों के साथ बायोडाटा और पासपोर्ट साइज फोटो लाने को कहा गया था। आठवीं, बारहवीं, इंटरमीडिएट, आईटीआई, स्नातक, स्नातकोत्तर, बीसीए और एमबीए सहित विभिन्न शैक्षणिक योग्यता वाले युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए।
मेले में आईटी, बैंकिंग, ऑटोमोबाइल, इंश्योरेंस, हॉस्पिटैलिटी, मैन्युफैक्चरिंग, रिटेल, सेल्स और मार्केटिंग समेत विभिन्न क्षेत्रों में नियुक्ति के अवसर दिए गए। विभिन्न कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने स्वयं उपस्थित होकर अभ्यर्थियों का चयन किया।
रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी से इंदिरा गांधी स्टेडियम में दिनभर चहल-पहल बनी रही। चयनित युवाओं को मौके पर ही नियुक्ति एवं ऑफर लेटर मिलने से उनके चेहरे पर खुशी देखने को मिली।

