क्राइमबड़ी खबरेबिहारस्वास्थ्य

अवैध कोडीन सिरप और विदेशी मुद्रा के साथ 3 गिरफ्तार

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

न्यूज डेस्क 

मधुबनी / लदनियां थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कोडीनयुक्त कफ सिरप के कारोबार और विदेशी मुद्रा के अवैध लेनदेन का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में कोडीन सिरप, विदेशी मुद्रा, भारतीय नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी महादेव कुमार राम को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 19 लीटर कोडीनयुक्त सिरप और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह खाजेडीह चौक स्थित एक मेडिकल दुकान से कोडीनयुक्त सिरप खरीदकर उसकी बिक्री करता है। उसके मोबाइल की जांच में पैसों के लेनदेन से जुड़े साक्ष्य भी मिले। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह पिपराही निवासी शंभू प्रसाद साह के साथ नेपाली और भारतीय मुद्रा के लेनदेन तथा कोडीन सिरप के कारोबार में शामिल था।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस खाजेडीह चौक स्थित मेडिकल हॉल पहुंची, जहां से भागने की कोशिश कर रहे बलू कुमार चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी में मेडिकल दुकान से 77 बोतल कोडीनयुक्त सिरप (करीब 0.9 लीटर), एक मोबाइल फोन और ₹20,000 भारतीय नकद बरामद किए गए। पूछताछ में बलू कुमार चौधरी ने बताया कि यह मेडिकल दुकान उसके और उसके भाई दीपक कुमार चौधरी की है तथा दोनों मिलकर कोडीन सिरप की खरीद-बिक्री करते हैं।

इसके बाद पुलिस ने पिपराही स्थित शंभू प्रसाद साह की दुकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां से 11,42,100 नेपाली रुपये, 750 नकली नेपाली रुपये, सऊदी अरब की 8 रियाल, यूएई का 100 दिरहम का एक नोट, ₹5,13,101 भारतीय नकद तथा एक कीपैड मोबाइल फोन बरामद किया गया।पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की करवाई जारी है।