पेट्रोल पंप पर पिस्तौल तानकर दहशत फैलाने की कोशिश, दो गिरफ्तार; दो देसी पिस्टल व तीन कारतूस बरामद
राजकुमार शर्मा
मधुबनी/जयनगर थाना क्षेत्र स्थित महात्मा डीजल सर्विस पेट्रोल पंप पर शुक्रवार को तेल भरवाने के दौरान हुए विवाद में चार युवको ने हथियार दिखाकर दहशत फैलाने की कोशिश की। हालांकि पेट्रोल पंप कर्मियो और स्थानीय लोगो की सूझबूझ से दो युवकों को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि उनके दो साथी फरार होने में सफल रहे। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने गिरफ्तार युवको के कब्जे से दो देशी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन तथा एक मोटरसाइकिल बरामद कर ली। पुलिस ने दोनो आरोपितो के विरुद्ध मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जबकि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को तीन मोटरसाइकिलो पर सवार चार युवक महात्मा डीजल सर्विस पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने पहुंचे थे। तेल भरवाने के बाद किसी बात को लेकर नोजल कर्मी से उनका विवाद हो गया। इसी दौरान वहां मौजूद एक ग्राहक ने बीच-बचाव का प्रयास किया, जिससे नाराज युवको ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और कमर में छिपाकर रखा पिस्तौल निकालकर उस पर तान दिया। हथियार निकलते ही पेट्रोल पंप परिसर में अफरा-तफरी मच गई और लोगो में दहशत फैल गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पेट्रोल पंप के मैनेजर, कर्मचारियो तथा स्थानीय लोगो ने चारो युवको को पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान दो युवक भाग निकले, जबकि दो आरोपितो को हथियार सहित दबोच लिया गया। सूचना पर जयनगर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगो ने पकड़े गए दोनो आरोपितो को दो देशी पिस्टल, पिस्टल की मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन तथा एक मोटरसाइकिल के साथ पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने सभी सामानो को विधिवत जब्त कर दोनों आरोपितों को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपितो की पहचान जयनगर थाना क्षेत्र के हनुमान नगर कबीर चौक निवासी राकेश कुमार सिंह, पिता तपेश्वर सिंह तथा तेरहा कोरड्या निवासी गोपाल यादव, पिता ईश्वरदेव यादव के रूप में हुई है। दोनो के विरुद्ध जयनगर थाना में आर्म्स एक्ट सहित अन्य सुसंगत धाराओ में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तो को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है तथा फरार दोनो आरोपितो की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानो पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

