नेपाल ले जाए जा रहे कस्टम सामान की बड़ी खेप जब्त
राजकुमार शर्मा की रिपोर्ट
मधुवनी/भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी एवं अवैध सीमा पार व्यापार की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर को एक और महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। दिनांक 01 जुलाई 2026 को बाह्य सीमा चौकी देवधा, ‘जी’ समवाय की एसएसबी गश्ती टीम ने गश्त के दौरान नेपाल ले जाए जा रहे बड़ी मात्रा में कस्टम सामान को जब्त किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एसएसबी गश्ती टीम सीमा क्षेत्र में नाका एवं गश्त ड्यूटी पर थी। रात्रि लगभग 11:20 बजे सीमा स्तंभ संख्या 274/1 से लगभग 1.3 किलोमीटर भारतीय क्षेत्र में कुछ व्यक्ति सिर पर सामान लेकर भारत से नेपाल की ओर जाते दिखाई दिए। गश्ती दल द्वारा घेराबंदी किए जाने पर सभी तस्कर सामान छोड़कर देवधा गांव की ओर भागने में सफल रहे।
मौके की तलाशी के दौरान 45 जोड़ी क्रॉक्स चप्पल, 59 जोड़ी ब्लैक स्लिपर, 115 साड़ियां, हैंडपंप वॉशर के विभिन्न प्रकार के 283 नग, 190 पेंटिंग ब्रश, 55 एरोसोल ग्लॉस ब्लैक स्प्रे, 25 ब्रिटिश पेंट्स रेड ऑक्साइड प्राइमर तथा 48 लेदर वॉशर सहित विभिन्न प्रकार के कस्टम सामान बरामद किए गए। जब्त सामान का अनुमानित मूल्य लगभग ₹36,430 है।
जब्त कस्टम सामान को आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरांत लैंड कस्टम स्टेशन (एलसीएस), जयनगर को अग्रिम कार्रवाई हेतु सुपुर्द कर दिया गया है।
कमांडेंट, 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर ने कहा, “भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी एवं अवैध सीमा पार व्यापार के विरुद्ध 48वीं वाहिनी पूरी सतर्कता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सीमा पर तैनात जवानों की सक्रियता और प्रभावी निगरानी के कारण तस्करी के प्रयास लगातार विफल किए जा रहे हैं। सीमा क्षेत्र को सुरक्षित एवं तस्करी मुक्त बनाए रखने के लिए भविष्य में भी इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।”

